1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. ईमानदारी आज भी जिंदा है, सड़क पर गिरे मिले 2 लाख रुपये, युवक ने तुरंत पुलिस को सौंपा

ईमानदारी आज भी जिंदा है, सड़क पर गिरे मिले 2 लाख रुपये, युवक ने तुरंत पुलिस को सौंपा

 Reported By: Surekha Abburi, Edited By: Malaika Imam
 Published : Nov 19, 2024 08:23 am IST,  Updated : Nov 19, 2024 08:23 am IST

हैदराबाद के एक युवक ने सड़क पर गिरे 2 लाख रुपये को बिना किसी लालच के पुलिस के हवाले कर दिया। सतीश यादव पैदल जा रहे थे, तभी उन्होंने सड़क पर गिरी एक कवर में नोटों की गड्डियां देखीं।

लाइनमैन ने पुलिस को लौटाए पैसे- India TV Hindi
लाइनमैन ने पुलिस को लौटाए पैसे

हैदराबाद: ईमानदारी आज भी जिंदा है, यह साबित किया है एक युवक ने, जिसने सड़क पर गिरी 2 लाख रुपये की नकदी को बिना किसी लालच के पुलिस के हवाले कर दिया। यह मामला सोमवार सुबह का है, जब टीएसएसपीडीसीएल (Telangana State Southern Power Distribution Company Limited) में कार्यरत लाइनमैन मुद्दम सतीश यादव पैदल जा रहे थे और उन्होंने सड़क पर गिरी एक कवर में नोटों की गड्डियां देखीं।

घटना हैदराबाद के लालागुडा इलाके की है। सतीश यादव जब अयप्पा स्वामी मंदिर के पास से गुजर रहे थे, तभी एक तेज़ रफ्तार दोपहिया वाहन उनके पास से निकला और कुछ ही दूरी पर वाहन से एक कवर गिर गया। मोटर चालक ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया और सतीश यादव ने उसे चिल्लाकर सचेत करने की कोशिश की, लेकिन वाहन चालक भाग गया। सतीश ने जब कवर को खोला, तो उसमें 2 लाख रुपये नकद पाए गए।

एसएचओ को यह रकम सौंपी

ईमानदार युवक ने तुरंत बिना किसी हिचकिचाहट के उस पैसे को पुलिस को सौंपने का फैसला किया। उन्होंने लालगुडा पुलिस स्टेशन जाकर स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) को यह रकम सौंप दी और पूरी घटना की जानकारी दी। सतीश ने कहा कि कवर शायद मोटर चालक के वाहन के हुक पर लटका हुआ था और एक तरफ से फट जाने के कारण वह गिर गया होगा।

पैसे देखकर लालच नहीं आया?

सवाल था, क्या सतीश को पैसे देखकर लालच नहीं आया? इस पर सतीश का जवाब था, "एक पल के लिए भी नहीं। यह किसी और का पैसा है। हो सकता है कि यह पैसा किसी मेडिकल इमरजेंसी के लिए ले जाया जा रहा हो, या फिर शायद इसे किसी ने अपनी बेटी की शादी के लिए बचाकर रखा हो।"

सतीश यादव की ईमानदारी ने यह एक बार फिर साबित कर दिया कि आज भी दुनिया में अच्छे लोग हैं, जिन्हें दूसरों की संपत्ति का लालच नहीं होता। उनकी इस नेकदिली को स्थानीय पुलिस और लोगों में सराहा जा रहा है। अब यह मामला पुलिस के पास है। पुलिस जांच में जुट गई है, ताकि यह पता चल सके कि यह पैसे किसके थे और वह कैसे गिर गए?

ये भी पढ़ें- 

महाराष्ट्र में जोरदार वार-पलटवार के बीच थमा प्रचार, इन दिग्गज नेताओं की तरफ से चले जुबानी तीर

गैस चेंबर से भी बदतर हो गई दिल्ली, कई इलाकों में 500 तक पहुंचा AQI, हालत खराब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।