1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. स्कूल बस की चपेट में आने से मासूम बच्ची की हुई मौत, पुलिस ने दर्ज किया केस

स्कूल बस की चपेट में आने से मासूम बच्ची की हुई मौत, पुलिस ने दर्ज किया केस

 Reported By: Surekha Abburi Edited By: Avinash Rai
 Published : Feb 06, 2025 07:57 pm IST,  Updated : Feb 06, 2025 09:16 pm IST

तेलंगाना में दर्दनाक घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां हनुमान हिल्स में एक चार वर्षीय बच्ची की बस के चपेट में आने से मौत हो गई है। बता दें कि इस मामले में पुलिस केस दर्ज कर लिया है।

school girl died after being hit by a school bus police registered a case- India TV Hindi
स्कूल बस की चपेट में आने से मासूम बच्ची की हुई मौत Image Source : INDIA TV

तेलंगाना के हयातनगर स्थित पेद्दा अंबरपेट में एक दिल दहलाने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां हनुमान हिल्स में एक चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका बी. ऋत्विका श्री चैतन्य स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। दुर्घटना तब हुई जब बस चालक बस को रिवर्स कर रहा था, जबकि बच्ची उस दौरान बस से उतर रही थी। चालक इस दौरान लड़की को देख नहीं पाया, इस कारण बच्ची बस के पिछले टायर के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि इस घटना के बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। 

हादसे में 40 श्रद्धालु घायल

बता दें कि बुधवार को कई अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। इसी कड़ी में इटावा जिले के बकेवर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिल्ली से प्रयागराज महाकुंभ जा रही एक बस के इटावा-कानपुर राजमार्ग पर एक ट्रक से टकरा जाने से 40 श्रद्धालु घायल हो गए। बेकवर थाने के प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने यहां बताया कि महेवा कस्बे के पास बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे दिल्ली से प्रयागराज महाकुंभ में जा रही बस आगे चल रहे ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में बस में सवार 40 श्रद्धालु घायल हो गये। पुलिस के अनुसार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सैफई मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। राठी ने बताया कि बस में 55 श्रद्धालु सवार थे।

एमपी में सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत

वहीं मध्यप्रदेश के उमरिया और भिंड जिलों में बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि उमरिया में सुबह करीब 7.30 बजे दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच हुई टक्कर में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से 38 किलोमीटर दूर पाली इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर हुई। एक ट्रक शहडोल से उमरिया आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक विपरीत दिशा में जा रहा था। पाली थाना प्रभारी मदन लाल मराबी ने बताया कि उमरिया आ रहे ट्रक में सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन में सवार एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक अन्य दुर्घटना में भिंड जिले में दो ट्रकों के आपस में टकराने से उनके चालकों की मौत हो गई। 

(इनपुट-भाषा के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।