1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. क्या हैदराबाद यूनिवर्सिटी को किसी और जगह किया जाएगा ट्रांसफर? सीएम को मिला ईको पार्क बनाने का प्रस्ताव

क्या हैदराबाद यूनिवर्सिटी को किसी और जगह किया जाएगा ट्रांसफर? सीएम को मिला ईको पार्क बनाने का प्रस्ताव

 Published : Apr 05, 2025 07:19 pm IST,  Updated : Apr 05, 2025 07:19 pm IST

तेलंगाना में कांचा गाचीबोवली गांव में 400 एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक और खबर सामने आई है। राज्य के सीएम को 2,000 एकड़ में 'इको पार्क' को डेवलप करने का प्रस्ताव मिला है। हालांकि, प्रस्ताव पर लिए गए फैसले के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हैदराबाद विश्वविद्यालय- India TV Hindi
हैदराबाद विश्वविद्यालय Image Source : FILE

हैदराबाद यूनिवर्सिटी (UOH) परिसर से सटे कांचा गाचीबोवली गांव में 400 एकड़ जमीन को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को 2,000 एकड़ में 'इको पार्क' को डेवलप करने का प्रस्ताव मिला है। इसमें दुनिया का सबसे ऊंचा 'वॉचटावर' बनाया जाएगा। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रस्ताव में यूनिवर्सिटी की जमीन को 2,000 एकड़ की 'इको पार्क' परियोजना में शामिल करने और विश्वविद्यालय को किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया है। 

हालांकि, प्रस्ताव पर लिए गए फैसले के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन छात्रों ने इस विचार को राज्य सरकार द्वारा 400 एकड़ जमीन से जुड़े मौजूदा मुद्दे से ध्यान हटाने की एक रणनीति बताकर खारिज कर दिया।

स्टूडेंट यूनियन ने विरोध किया

यूनिवर्सिटी के एक सीनियर अधिकारी ने 'इको पार्क' के प्रस्ताव पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह मामला कोर्ट में है और राज्य सरकार ने इस संबंध में कोई आधिकारिक संवाद नहीं किया है। शहरी बुनियादी ढांचे और आईटी पार्क के निर्माण के लिए कांचा गाचीबोवली में पारिस्थितिकी रूप से संवेदनशील 400 एकड़ भूमि की नीलामी करने की तेलंगाना सरकार की योजना का यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन ने विरोध किया है। 

कोर्ट में चल रही मामले की सुनवाई 

इस मामले की सुनवाई अब सु्प्रीम कोर्ट एवं तेलंगाना हाई कोर्ट में जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि 400 एकड़ का क्षेत्र यूनवर्सिटी का है, जबकि राज्य सरकार का कहना है कि यह भूमि उसके कब्जे में है और कांचा गाचीबोवली की भूमि के बदले में विश्वविद्यलय को इसके बराबर जगह अलॉट की गई है। 

सरकार के करीबी सूत्रों ने कहा, "कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री को दुनिया का सबसे बड़ा 'इको पार्क' विकसित करने का प्रस्ताव दिया है जिसमें सबसे ऊंचा 'वॉचटावर' होगा।" उन्होंने बताया कि हालांकि इस मुद्दे पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। 'इको पार्क' परियोजना में यूनिवर्सिटी को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाने का प्रस्ताव है, जिसके तहत राज्य सरकार विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए भूमि और धन आवंटित करेगी। 

'जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही सरकार'

यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष उमेश आंबेडकर ने कहा, "हम 400 एकड़ भूमि को पुनः प्राप्त करने के लिए पुरजोर तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। सरकार के इन सभी प्रस्तावों का उद्देश्य वर्तमान मुद्दे से ध्यान भटकाना है। हम किसी भी कीमत पर अपने विश्वविद्यालय को स्थानांतरित नहीं होने देंगे। सरकार जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।"  (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।