1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सिंगापुर में, विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन से मिले

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सिंगापुर में, विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन से मिले

 Published : Jan 17, 2025 11:01 pm IST,  Updated : Jan 17, 2025 11:01 pm IST

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में निवेश और विभिन्न संबंधों की तलाश में सिंगापुर के साथ ही दो देशों के दौरे की शुरूआत की।

revanth reddy- India TV Hindi
रेवंत रेड्डी और विवियन बालकृष्णन Image Source : X

हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में निवेश और विभिन्न संबंधों की तलाश में सिंगापुर के साथ ही दो देशों के दौरे की शुरूआत की। रेवंत रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन से मुलाकात की और बुनियादी ढांचे के निर्माण, ऊर्जा, हरित ऊर्जा में सतत पहल, जल प्रबंधन, नदी पुनरुद्धार, पर्यटन, शिक्षा और कौशल निर्माण, और आईटी पार्क आदि को कवर करते हुए एक व्यापक और दीर्घकालिक साझेदारी बनाने पर सहमति व्यक्त की।

रेड्डी ने पोस्ट में कहा, ‘‘हमने सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्री डॉ विवियन बालकृष्णन के साथ बहुत ही आकर्षक, उपयोगी और व्यापक चर्चा के साथ सिंगापुर में अपने दो-राष्ट्र दौरे की शुरुआत की।’’

revanth reddy
Image Source : Xरेवंत रेड्डी और विवियन बालकृष्णन

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रतिनिधिमंडल ने 'सिंगापुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (आईटीई)' परिसर का दौरा किया और संस्थान में उपलब्ध कौशल विकास पाठ्यक्रमों और उन्नत सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री की टीम ने आईटीई के शीर्ष अधिकारियों के साथ चर्चा की और उनसे 'यंग इंडिया स्किल यूनिवर्सिटी' में सहयोग बढ़ाने का अनुरोध किया। आईटीई प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और 'स्किल यूनिवर्सिटी' के साथ मिलकर काम करने के लिए आगे आया। संबंधों को और मजबूत करने के लिए आईटीई और 'स्किल यूनिवर्सिटी' के अधिकारियों ने कौशल विकास में आपसी सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट सहयोगी डी. श्रीधर बाबू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 20 से 22 जनवरी तक विश्व आर्थिक मंच (WEF) की बैठक में भाग लेने के लिए सिंगापुर से स्विट्जरलैंड के दावोस जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।