1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल की शाही जामा मस्जिद में किया हिंदू अनुष्ठान, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

संभल की शाही जामा मस्जिद में किया हिंदू अनुष्ठान, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

 Edited By: Amar Deep
 Published : Apr 04, 2025 04:04 pm IST,  Updated : Apr 04, 2025 04:04 pm IST

संभल की शाही जामा मस्जिद में हिंदू अनुष्ठान करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली आए तीन लोग मस्जिद में हिंदू अनुष्ठान करने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।

शाही जामा मस्जिद में हिंदू अनुष्ठान।- India TV Hindi
शाही जामा मस्जिद में हिंदू अनुष्ठान। Image Source : FILE

संभल: यूपी के संभल जिले में मौजूद शाही जामा मस्जिद पहुंचे कुछ लोगों ने हिंदू अनुष्ठान करने का प्रयास किया है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग दिल्ली से आए थे। संभल पहुंचने के बाद ये लोग यहां की शाही जामा मस्जिद में पूजा और हिंदू अनुष्ठान का प्रयास करने लगे। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में ले लिया। 

कार से आए थे तीनों आरोपी

वहीं इस पूरे मामले पर संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा, ‘‘तीन व्यक्ति कार से आए थे और उन्हें विवादित स्थल के पास हिरासत में ले लिया गया। उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया है और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्हें भविष्य में संभल में प्रवेश न करने की चेतावनी भी दी जाएगी।’’ 

क्या बोले आरोपी

वहीं पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों में से एक सनातन सिंह ने दावा किया, ‘‘हम विष्णु हरिहर मंदिर में हवन और यज्ञ करने दिल्ली से आए थे, लेकिन पुलिस ने हमें गिरफ्तार कर लिया। अगर वहां नमाज अदा की जा सकती है, तो हम पूजा क्यों नहीं कर सकते?’’ अन्य आरोपी वीर सिंह यादव ने कहा, ‘‘हम संभल की मस्जिद में अनुष्ठान करने आए थे, लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया।’’ हिरासत में लिए गए अनिल सिंह ने कहा, ‘‘जब हमें हिरासत में लिया गया, तब हम हरिहर मंदिर में हवन के लिए गए थे।’’ 

पुलिस ने की कार्रवाई

बता दें कि विवादित स्थल पर धार्मिक गतिविधियों को लेकर तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। पिछले साल 24 नवंबर को शहर के कोट गर्वी इलाके में शाही जामा मस्जिद में अदालत के आदेश पर किए गए सर्वेक्षण का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने के बाद भड़की हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने किस बात के लिए मांगी माफी, संसद में ऐसा क्या हुआ?

वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ देशभर में मुसलमानों का प्रदर्शन, कलकत्ता से लेकर हैदराबाद तक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।