1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'सरकार कठोर कदम उठाए, पूरा देश सरकार के साथ', अखिलेश यादव ने दिया बयान

'सरकार कठोर कदम उठाए, पूरा देश सरकार के साथ', अखिलेश यादव ने दिया बयान

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 26, 2025 11:40 pm IST,  Updated : Apr 26, 2025 11:40 pm IST

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज कुशीनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहलगाम के हमले से पूरे देश चिंतित है। सरकार कठोर कदम उठाए। पूरा देश सरकार के साथ है।

Akhilesh Yadav gave a statement said government should take strict steps whole country is with the g- India TV Hindi
अखिलेश यादव Image Source : PTI

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि केंद्र सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए। पूरा देश केंद्र सरकार के साथ है। दरअसल अखिलेश यादव कुशीनगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व विधायक पूर्णमासी देहाती एवं पूर्व जिलाध्यक्ष शुकरूल्ला अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, केंद्र सरकार आतंकवाद और आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कदम उठाये, पूरा देश सरकार के साथ है।'' 

अखिलेश यादव बोले- हमें उम्मीद है सरकार ठोस कदम उठाएगी

अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि सरकार ठोस कदम उठायेगी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले की घटना बेहद दुःखद और निन्दनीय है। हम सभी लोग उत्तर प्रदेश से लेकर गुजरात, हरियाणा और देश के अन्य राज्यों के पीड़ित परिवारों के साथ हैं।’’ यादव ने कहा, ‘‘सरकार ने पाकिस्तान को जवाब देने के लिए जो फैसले लिए है उसमें सभी सरकार के साथ हैं। पूरा देश चाहता है कि भविष्य में पहलगाम जैसी घटना न हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार को हर तरह से समर्थन है और उम्मीद है कि भविष्य में सुरक्षा में कोई चूक नहीं होगी।’’

अखिलेश यादव बोले- देश का हर नागरिक चिंतित

अखिलेश यादव ने कहा कि इस घटना से देश का हर नागरिक बड़े, बुजुर्ग और बच्चे सभी लोग चिंतित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। हमें उम्मीद है कि देश की सुरक्षा, सीमाओं की रक्षा और अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार ने जो आश्वासन दिया है, उस पर अमल करेगी।’’ यादव ने कहा, ‘‘ हमारी फौज बहुत बहादुर है लेकिन भाजपा सरकार ने सेना में अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों का मनोबल गिराने का काम किया। नौजवान सेना में रहकर देश की सेवा करना चाहता है। पक्की वर्दी और पक्की नौकरी चाहता है। कुशीनगर, गाजीपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों के गांवों के तमाम नौजवान फौज में जाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी करते थे, लेकिन अग्निवीर योजना आने से नौजवानों में निराशा है।’’ 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।