1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'सेंगोल' का 2024 चुनाव से कनेक्शन? आखिर अखिलेश यादव ने क्यों कहा ऐसा- बीजेपी ने मान लिया...

'सेंगोल' का 2024 चुनाव से कनेक्शन? आखिर अखिलेश यादव ने क्यों कहा ऐसा- बीजेपी ने मान लिया...

 Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 26, 2023 04:13 pm IST,  Updated : May 26, 2023 04:19 pm IST

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘सेंगोल' को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने मान लिया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन हो जाएगा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव- India TV Hindi
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव Image Source : FILE PHOTO

देश के नए संसद भवन का उद्घाटन 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पीएम के उद्घाटन करने के फैसले को लेकर विपक्षी दल नाराजगी जता रहे हैं। इस बीच, नए संसद भवन में रखे जाने वाले ‘सेंगोल' पर चर्चा खूब हो रही है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने सेंगोल को लेकर तंज करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन हो जाएगा।

अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, "सेंगोल सत्ता के हस्तांतरण (एक-हाथ से दूसरे हाथ में जाने) का प्रतीक है… लगता है बीजेपी ने मान लिया है कि अब सत्ता सौंपने का समय आ गया है।"

इसके अलावा सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी सेंगोल को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि बीजेपी, लोकतंत्र से हटकर राजतंत्र की ओर जा रही है। सपा नेता ने लिखा, "सेंगोल राजदंड, राजतंत्र का प्रतीक था। आज देश में लोकतंत्र है, लोकतंत्र में राजतंत्र के प्रतीक सेंगोल का क्या काम? सेंगोल के प्रति बीजेपी सरकार की दीवानगी इस बात का प्रमाण है कि इसको लोकतंत्र में विश्वास नहीं है, इसलिए बीजेपी लोकतंत्र से हटकर राजतंत्र के रास्ते पर जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।"

क्या है सेंगोल?

देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने अंग्रेजों से सत्ता के हस्तांतरण के प्रतीक के तौर पर 'सेंगोल' प्राप्त किया था। 'सेंगोल' का इस्तेमाल 14 अगस्त, 1947 को अंग्रेजों से भारतीय हाथों में सत्ता हस्तांतरित करने के लिए किया गया था और इसे तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने राजेंद्र प्रसाद और कई अन्य लोगों की मौजूदगी में स्वीकार किया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।