1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अमेठी में अखिलेश यादव बोले- पाला बदलने वाले 'एहसान फरामोश और दगाबाज', कभी चुनाव नहीं जीत पाएंगे

अमेठी में अखिलेश यादव बोले- पाला बदलने वाले 'एहसान फरामोश और दगाबाज', कभी चुनाव नहीं जीत पाएंगे

 Published : May 15, 2025 11:21 pm IST,  Updated : May 15, 2025 11:31 pm IST

सपा को धोखा देकर दूसरी पार्टी में जाने वाले नेताओं को लेकर अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने ऐसे लोगों को दगाबाज और एहसान फरामोश करार दिया है।

अमेठी में अखिलेश यादव...- India TV Hindi
अमेठी में अखिलेश यादव का स्वागत करते सपा कार्यकर्ता Image Source : X@YADAVAKHILESH

अमेठी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को अमेठी पहुंचे। उन्होंने सपा नेता जहूर अहमद के आवास पर मुलाकात की और क्षेत्रीय हालातों की जानकारी ली। इसके बाद वे मुसाफिरखाना के रामरायपुर स्थित सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के घर भी पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। अमेठी दौरे पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना। उन्होंने पार्टी के बागियों को भी आड़े हाथों लिया। 

पाला बदलने वाले कभी चुनाव जीत नहीं पाएंगे

अखिलेश यादव ने कहा कि अमेठी के जिन लोगों ने पाला बदला है, वो 3 वजहों से फिर कभी नहीं जीत पाएंगे।  पहला- एहसान-फरामोशी, ⁠दूसरा- दग़ाबाज़ी और तीसरी वजह ये है कि वो उस दल में गये हैं, जो ख़ुद के लोगों का सगा नहीं है, दल बदलुओं का क्या होगा। ऐसे लोगों ने अपने राजनीतिक संभावनाओं पर ख़ुद ही फुल स्टॉप लगा दिया है। 

एहसान फरामोश लोग किसी के नहीं होतेः अखिलेश

अमेठी में भाजपा की सक्रियता पर तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अमेठी में गुमशुदा है। जनता अब उसे पहचान चुकी है। सपा के बागी विधायक पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि दल बदलने वाले और एहसान फरामोश लोग किसी के नहीं होते। अब तो हर दल में उनकी टिकट पाने की उम्मीद भी खत्म हो चुकी है। भाजपा जैसे दल भी ऐसे लोगों को अपनाने से हिचकते हैं। 

बीजेपी की तिरंगा यात्रा पर साधा निशाना

बीजेपी की तिरंगा यात्रा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जश्न जीत का होना चाहिए, सीज़ का नहीं। बात ये नहीं होनी चाहिए कि फिर कभी हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब देंगे, बल्कि जनता को ये भरोसा मिलना चाहिए कि फिर कभी हमला नहीं होगा।

भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा न सिर्फ मध्य प्रदेश से उजागर हुआ है, बल्कि बलिया जैसे जिलों से भी जनता ने देखा है। नारी सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि "नारी वंदन का नारा देने वाली भाजपा असल में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा में बार-बार विफल हुई है।"

रिपोर्ट- आलोक श्रीवास्तव, अमेठी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।