1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी के विदेश दौरे पर अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले- ''जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी चले जाइएगा''

सीएम योगी के विदेश दौरे पर अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले- ''जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी चले जाइएगा''

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 20, 2026 12:31 pm IST,  Updated : Feb 20, 2026 12:42 pm IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस महीने के आखिर में जापान और सिंगापुर के दौरे पर जाने वाले हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर जापान जा ही रहे हैं तो क्योटो भी चले जाएगा ताकि यह पता चल सके कि वाराणसी आखिर क्योटो क्यों नहीं बन पाया।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव - India TV Hindi
सपा प्रमुख अखिलेश यादव। फाइल Image Source : PTI

लखनऊः यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को विदेश दौरे पर जा रहे हैं। सिंगापुर-जापान यात्रा के दौरान सीएम योगी अरबों डॉलर के निवेश की तलाश करेंगे। विदेश में सीएम योगी यूपी को भारत के अगले औद्योगिक पावरहाउस बनाने के रूप में पेश करेंगे। सीएम योगी के विदेश दौरे पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा है। 

सीएम योगी को दी क्योटो जाने की सलाह

अखिलेश ने एक्स हैंडल पर शेयर किए गए एक पोस्ट में सीएम योगी को जापान के क्योटो शहर जाने की सलाह दी है। एक्स हैंडल पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी का नाम लिखे बगैर कहा, 'जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी चले जाइएगा, जिससे ये पता चल सके कि प्रधान-संसदीय क्षेत्र काशी, क्योटो जैसा क्यों नहीं बन पाया या उसकी विरासत कैसे बिगड़ी। जापान से विरासतों को बचाने और शहरों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक सबक लेते आइएगा। 

वैसे अब चला-चली की बेला में अपने अंतिम वर्ष में कौन सा तो ये जापान का अध्ययन कर लेंगे और क्या ही योजना बना पाएंगे। ये मुख्यमंत्री जी का ‘मनसुख-पर्यटन’ है, अगर वो स्वीकार कर लें, तो जाते-जाते कम-से-कम एक सच बोलने के लिए उन्हें लोग याद रखेंगे। ‘वनस्पति के विशेष अध्ययन’ का व्यक्तिगत लाभ ही उठाएंगे या अपने क़रीबियों से भी साझा करेंगे।' 

22 फरवरी को विदेश दौरे पर जा रहे हैं सीएम योगी

बता दें कि सीएम योगी 22 फरवरी से जापान दौरे पर जा रहे हैं। वह मैग्लेव ट्रेन में भी सफर करेंगे। सीएम योगी 600 किमी रफ्तार वाली मैग्लेव में सफर करेंगे। जापान की भविष्य की रेल तकनीक से भी वो रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री पटरी से ऊपर हवा में तैरकर चलने वाली ट्रेन का अनुभव लेंगे। इसके अलावा सीएम योगी जापान व सिंगापुर में निवेश के लिए कई प्रस्ताव पेश करेंगे। सूत्रों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के पास जापान सिटी और सिंगापुर सिटी बनाने की योजना भी सीएम योगी पेश करेंगे। प्रस्तावों में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 5ए और सेक्टर 7 में जापानी और सिंगापुर के औद्योगिक शहरों के विकास के लिए 500 एकड़ भूमि आवंटित करना शामिल है। यह दौरा उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे के विस्तार पर भी फोकस रहेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।