लखनऊ: यूपी में एक बार फिर पोस्टर वॉर शुरू हो गई है। इस बार बदायूं कांड को लेकर समाजवादी पार्टी के खिलाफ होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं। ये पोस्टर यूपी के कई शहरों में देखने को मिले हैं। जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए ये पोस्टर बदायूं, नोएडा, गाजियाबाद, हरदोई, कानपुर, शाहजहांपुर, कन्नौज, उन्नाव और कानपुर देहात में लगाए गए हैं।
12 साल पुराना मामला
यूपी के तमाम शहरों में लगाए गए होर्डिंग्स में बदायूं डबल रेप और हत्या का जिक्र किया गया है। बता दें कि यह घटना जब हुई थी तो उस समय उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार थी। वहीं घटना में सारे आरोपी यादव समाज के थे। मृतक लड़कियां शाक्य समाज की थीं। वहीं घटना के बाद अखिलेश सरकार के खिलाफ पूरे देश गुस्सा भी देखा गया था। साल 2014 में हुई इस घटना के 12 साल पर एक बार फिर सड़कों पर पोस्टर देखने को मिले हैं।
अखिलेश के साथ आजम खान की तस्वीर
कन्नौज में इस तरह के बोर्ड लगाए गए हैं, जिसमें सपा को महिला विरोधी बताया गया है। होर्डिंग में अखिलेश यादव के साथ आजम खान की तस्वीर भी लगाई गई है। इसमें अखिलेश को सफेद टोपी पहने भी दिखाया गया है। वहीं ये पोस्टर किसके द्वारा लगाए गए हैं, यह अभी तक पता नहीं चल सका है। अज्ञात लोगों की करतूत से सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
प्रदेश भर में जगह-जगह लगी इस तरह की होर्डिंग को सपा कार्यकर्ताओं ने उखाड़ा है। वहीं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इस तरह के अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी भी कर रहे हैं। प्रदेश भर में इस तरह की होर्डिंग लगने के बाद यूपी का राजनीतिक पारा भी हाई हो गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में इस तरह से होर्डिंग लगाए जाने को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। (इनपुट- सुरजीत कुशवाहा)
यह भी पढ़ें-
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस पलटने से 6 की मौत; 10 घायल