1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति होगी जब्त, होगी आजीवन कारावास की सजा: सीएम योगी

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति होगी जब्त, होगी आजीवन कारावास की सजा: सीएम योगी

 Reported By: Vishal Singh Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 11, 2026 05:31 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 05:31 pm IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष आज झूठा प्रचार कर रहा है, जबकि अपनी सरकार के दौरान उन्होंने कोई काम नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बीमारियों से गरीबों के बच्चों की जान जा रही थी, तब ये दोनों पार्टी बिल्कुल चुप बैठे थे।

Yogi Aditynath- India TV Hindi
योगी आदित्यनाथ Image Source : AP

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹684 करोड़ से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने देश में रोजगार, स्टार्टअप इकोसिस्टम, उच्च शिक्षा और युवाओं के कौशल विकास (स्किलिंग) पर अपनी बात रखी, साथ ही विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद से लेकर 2014 तक देश में करीब 47 करोड़ लोगों को काम मिला था। लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कुल रोजगार बढ़कर 64 करोड़ 33 लाख हो गया है, यानी बीते सालों में 17 करोड़ 18 लाख नए काम के अवसर जुड़े हैं। इसके साथ ही देश में नया व्यापार (स्टार्टअप) शुरू करने का माहौल तेजी से बदला है। 2014 से पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 2,23,000 से ज्यादा हो चुके हैं। वहीं बड़े और सफल स्टार्टअप (यूनिकॉर्न) की संख्या भी 4 से बढ़कर 125 तक पहुंच गई है।

विपक्षी नेताओं पर योगी आदित्यनाथ का सीधा हमला

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल जी और अखिलेश यादव जी, आप पता नहीं पढ़े-लिखे हैं या नहीं हैं, आपके वक्तव्य, आप लोगों के द्वारा कही जाने वाली बातें कभी-कभी हास्यास्पद होती हैं, आप लोगों को कटघरे में खड़ा कर देती हैं, लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं, एम्प्लॉयमेंट के लिए स्किलिंग चाहिए। आज के नौजवान की जो हमारे पास डेमोग्राफिक डिविडेंट के रूप में 56 से 60 फीसदी युवा जनशक्ति है, इसकी स्किलिंग के लिए कार्य किए जाने की आवश्यकता थी, जो डबल इंजन की भाजपा की सरकार ने आगे बढ़ाया है।

उन्होंने आगे कहा कि उसकी स्किलिंग हो रही है, उसके लिए एम्प्लॉयमेंट की व्यवस्था हो रही है, स्टार्टअप का एक इकोसिस्टम तैयार किया गया है। यह आईआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएम, एम्स, मेडिकल कॉलेज की श्रृंखला, यह स्किल डेवलपमेंट सेंटर की सीरीज इन्हीं नौजवानों की स्किलिंग का और इनके लिए अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का एक माध्यम बना है। 

आपके समय में मेडिकल कॉलेज नहीं थे, आप लोगों ने मेडिकल कॉलेज बनाने में रुचि भी नहीं ली, तो बच्चा लेता एडमिशन कहां लेता? आज आप राजनीति कर रहे हैं, केवल राजनीति कर रहे हैं, उस नौजवान के साथ न्याय नहीं कर पा रहे हैं। आपके समय में उस नौजवान की नौकरी में डकैती पड़ती थी, उस नौजवान के साथ अन्याय होता था।

पेपर लीक और युवाओं से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी चेतावनी

युवाओं के भविष्य की सुरक्षा पर सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए सीएम योगी ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति या संस्था ने नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की, तो उसकी पूरी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और उसे आजीवन कारावास की सजा दिलवाई जाएगी।

यह भी पढ़ें 

असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी

अतीक अहमद के बेटे उमर के बाद अली अहमद के काफिले के पीछे चल रहे 10 वाहनों पर FIR

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।