1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. डेढ़ साल बाद जिंदा लौटा 'मृत' युवक, घर पर चल रहा था शुद्धि का कार्य

डेढ़ साल बाद जिंदा लौटा 'मृत' युवक, घर पर चल रहा था शुद्धि का कार्य

 Published : Jul 26, 2026 11:53 pm IST,  Updated : Jul 26, 2026 11:53 pm IST

कमल अपने घर लौटा तो देखा कि परिजन उसका अंतिम संस्कार कर चुके हैं और शुद्धि कार्यक्रम चल रहा है। वहीं, परिजन भी उसे दिखकर हैरान रह गए। अब पुलिस जांच कर रही है कि जिसका अंतिम संस्कार हुआ वह कौन था?

Kamal Singh- India TV Hindi
कमल सिंह Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक युवक लगभग डेढ़ साल बाद घर लौटा तो परिजन उसका ही अंतिम संस्कार करने के बाद शुद्धि कार्यक्रम कर रहे थे। वह पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था। इस दौरान हाईवे किनारे मिले एक अज्ञात शव की पहचान कमल सिंह के रूप में कर परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया गया था। कमल सिंह ने बताया कि घर छोड़ने के बाद वह पानीपत में मजदूरी कर रहा था। एक हादसे में पैर टूटने के कारण वह परिवार से संपर्क नहीं कर सका।

अटसू क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी दशरथ अपने भाई कमल की मृत्यु का शुद्धि संस्कार कर रहे थे। कमल को सामने देख उनके होश उड़ गए। उसे जिंदा आया देख मौजूद लोग हतप्रभ रह गए। साथ ही प्रश्न चिन्ह भी खड़ा हो गया कि अगर कमल जिंदा है तो फिर अंतिम संस्कार जिसका किया गया वह कौन था?

होटल के मलबे में मिला था शव

18 जुलाई शनिवार को क्षेत्र के भीखेपुर गांव के पास हाईवे किनारे ढहाए गए अवैध जर्जर होटल के मलबे के पास बकरी चरा रहे लोगों ने बदबू महसूस की थी। मलबे के पास युवक के शव को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कोशिश की थी। शव से आ रही बदबू और उस पर रेंग रहे कीड़ों को देखकर शव काफी पुराना लग रहा था। मेहरून रंग की शर्ट, नीले रंग का लोअर पहने था। गले में तौलिया, कलाई पर ब्रेसलेट पहने था। मुंह आधा कुचला होने से हत्या कर शव फेंके जाने का अनुमान लगाया जा रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में ,72 घंटे के लिए शव को रखवा दिया था ताकि शिनाख्त हो सके।

अंतिम संस्कार देख हैरान रह गया कमल

क्षेत्र के सैदपुर निवासी दशरथ सिंह ने 25 जून से कमल से बात न हो पाने, मोबाइल स्विच ऑफ हो जाने की बात कहते हुए शव की शिनाख्त अपने भाई कमल सिंह के रूप में की। तो पुलिस ने विधिक कार्यवाही के बाद शव उसको सौंप दिया था। उसने कमल के रूप में उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। हालांकि अभी तक दशरथ की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। किंतु कमल की पत्नी की ओर लोग उंगली उठा रहे थे। अंतिम संस्कार के बाद शनिवार की शाम शुद्धि कार्यक्रम चल रहा था। अंतिम संस्कार के तीसरे दिन घर पहुंचे कमल को देख मौजूद लोग सकते में आ गए। खुद अपना अंतिम संस्कार और हो रही शुद्धि देख वह भी अचंभे में पड़ गया।

पुलिस दोबारा शुरू की जांच

कमल के जिंदा होने की सूचना पर पुलिस भी गांव की ओर दौड़ पड़ी। और पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। वहीं कमल की ससुराल से भी काफी लोग पहुंच गए। अब पुलिस यह जानकारी कर रही हे कि जिस शव का पोस्टमार्टम हुआ और जिसका अंतिम संस्कार किया गया, वह शव किसका था ? पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार ने बताया कि कमल सिंह के जीवित मिलने के बाद मामले की दोबारा गहन जांच शुरू कर दी गई है। कमल सिंह से पूछताछ की जा रही है तथा जिस अज्ञात शव का अंतिम संस्कार किया गया था, उसकी वास्तविक पहचान कराने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(औरैया से दीपेंद्र सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

कानपुर में डिजिटल ऐप बना पुलिस का हथियार, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

छात्रा ने सबसे सामने टीचर को पीटा, भीड़ ने थूककर चाटने को मजबूर किया, छेड़खानी करने पर मिली सजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।