Ballia Police Case: यूपी में बलिया के उभांव थाना क्षेत्र की पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने उभाव थाने पर तैनात थाना प्रभारी संजय शुक्ला और क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक पर चार्जशीट बनाने के बदले में शारीरिक संबंध बनाने के दबाव का गंभीर आरोप लगाया है, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वन विभाग के दरोगा के खिलाफ दी थी तहरीर
पीड़ित महिला का कहना है वन विभाग में तैनात दरोगा से मेरी शादी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार मंदिर हुई थी। करीब आठ महीने तक वन दारोगा मेरा शारीरिक शोषण करता रहा। मैंने कोर्ट मैरिज के लिए दबाव बनाया तो वह मुकर गया। उसके बाद उभांव थाने में वन दारोगा के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
चार्जशीट के लिए पीड़िता से फोन पर की गंदी बात
इसी मुकदमे में चार्जशीट लगाने के लिए क्राइम इंस्पेक्टर ने फोन करके मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाने की मांग रखी, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, इस मामले को लेकर पीड़ित महिला पुलिस के उच्चाधिकारियों डीआईजी आजमगढ़ और एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगा चुकी है।
जांच में सामने आई करतूत
अधिकारियों ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई की है, जिसमें पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने SHO संजय शुक्ला और क्राइम SHO नरेश मलिक दोनों को सस्पेंड किया है और इस मामले की जांच हो रही है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि थाना उभांव के संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो और उसके साथ एक ऑडियो प्रसारित हो रहा था, जिसके संबंध में एक पीड़िता के द्वारा, जिसने थाना उभांव में मुकदमा लिखाया था, उस मुकदमे में चार्जशीट के संबंध में वहां के तत्कालीन इंस्पेक्टर क्राइम से कुछ बातचीत हो रही है जो अशोभनीय है। जो इंस्पेक्टर के पदेन दायित्व हैं उसके बिल्कुल विपरीत प्रतीत हो रहा है।
आरोपी पुलिसकर्मी किए गए सस्पेंड
उन्होंने कहा कि उसके आधार पर तत्कालीन जो वहां पर इंस्पेक्टर क्राइम थे नरेश मलिक और वहां के वर्तमान में जो थाना प्रभारी संजय शुक्ला थे, दोनों को प्रथम दृष्टया इस पूरे प्रकरण में दोषी मानते हुए निलंबित किया गया है। इनके विरुद्ध विभागीय जांच बैठाई गई है और तत्काल क्षेत्राधिकारी रसड़ा, जो संबंधित क्षेत्राधिकारी हैं, उनको निर्देशित किया गया है कि वो आवेदिका से बात करके इस पूरे प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई भी इसमें कराएं।
(इनपुट- अमित कुमार)