Ballia Bribery Case: यूपी के बलिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। आजमगढ़ एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर तहसील सदर में तैनात राजस्व निरीक्षक यानी Revenue Inspector राम प्रताप राम को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बलिया जिले के सोनवानी निवासी शिकायतकर्ता अशोक कुमार सिंह से आरोपी ने जमीन पैमाइश के एवज में इस रकम की मांग की थी। शिकायत मिलते ही 14 सदस्यों वाली टीम ने आज (बुधवार को) तहसील परिसर के कमरा नंबर 22 में दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा।
शिकायकर्ता से मांगी थी 5 हजार की रिश्वत
फिलहाल, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह ने दावा किया कि राम प्रताप को गलत तरीके से फंसाया गया है। वहीं, शिकायतकर्ता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक राम प्रताप ने उनसे पैमाइश के लिए 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। फिर, मैंने उनसे कहा कि हां ठीक है कि 3-4 दिन बाद पैसे लेकर आता हूं। इसके बाद मैं एंटी करप्शन टीम से जाकर मिला और आज राजस्व निरीक्षक रंगे हाथ पैसे लिए पकड़ लिए गए।
बलिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ ऑपरेशन
एंटी करप्शन टीम के इस एक्शन के बाद तहसील परिसर के अंदर हड़कंप मच गया। राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अन्य अफसरों के बीच राजस्व निरीक्षक की गिरफ्तारी की चर्चा होती रही। अफसरों का कहना है कि करप्शन के खिलाफ ऑपरेशन लगातार चलता रहेगा। सरकारी कामकाज के बदले घूस मांगने वाले किसी भी कर्मचारी या अफसर को बख्शा नहीं जाएगा।
एंटी करप्शन डिपार्टमेंट की लोगों से अपील
वहीं, एंटी करप्शन डिपार्टमेंट ने लोगों से आह्वान किया है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के लिए रिश्वत की डिमांड करता है तो उसकी शिकायत तुरंत संबंधित एजेंसियों से करें, ताकि ऐसे केस में कड़ी कार्रवाई की जा सके। इस एक्शन को बलिया में करप्शन के खिलाफ कड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। लोकल लोगों का कहना है कि रेवेन्यू डिपार्टमेंट से जुड़े कामों में घूसखोरी की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
(इनपुट- अमित कुमार)
ये भी पढ़ें- बाराबंकी में लेखपाल-वकीलों में बवाल के बीच किसी ने SDM की गाड़ी पर थूका पान, छीछालेदर का वीडियो आया सामने