1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में ग्रीन बेल्ट पर बनी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, मौके पर पुलिस फोर्स रही तैनात

गाजियाबाद में ग्रीन बेल्ट पर बनी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, मौके पर पुलिस फोर्स रही तैनात

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 14, 2026 04:54 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 04:54 pm IST

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी की अंसल कॉलोनी में रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मजार को हटा दिया। सरकार के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान वहां भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थी।

Tronix City- India TV Hindi
ट्रोनिका सिटी में बनी मजार पर हुआ अतिक्रमण Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार के सख्त निर्देशों के बाद गाजियाबाद के लोनी इलाके में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार को ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र की अंसल कॉलोनी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच एक अवैध मजार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने जेसीबी (JCB) मशीनों की मदद से इस पूरे गैर-कानूनी निर्माण को हटाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।

यूपीसीडा की जमीन पर था अवैध निर्माण

जानकारी के मुताबिक, यह अवैध मजार उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की सरकारी जमीन पर बनाई गई थी। स्थानीय लोग काफी समय से इस कब्जे की शिकायत कर रहे थे। शिकायत मिलने पर प्रशासन की टीम ने इसकी अच्छे से जांच की और पाया कि यह मजार वाकई अवैध तरीके से बनाई गई है। जांच रिपोर्ट देखने के बाद सरकार ने इसे हटाने का सख्त आदेश दिया, जिसके बाद रविवार को कार्रवाई करके इसे हटा दिया गया।

भारी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई कार्रवाई

चूंकि मामला संवेदनशील था, इसलिए कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और PAC के जवानों को तैनात किया गया था ताकि कानून-व्यवस्था न बिगड़े। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी खुद प्रशासनिक अधिकारी कर रहे थे, जिनमें लोनी के एसडीएम दीपक सिंघनवाल, डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी सिद्धार्थ गौतम और यूपीसीडा के सीनियर मैनेजर एन. के. जैन शामिल थे। अधिकारियों की सूझबूझ के कारण पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और इलाके में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या विरोध प्रदर्शन नहीं देखा गया।

एसडीएम लोनी दीपक सिंहावल ने बताया कि नियमानुसार पूर्व में नोटिस दिया गया था और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज यह कार्रवाई की गई है। वहीं डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

गाजियाबाद जिला प्रशासन पहले भी कर चुका है ऐसी कार्रवाई

आपको बता दें कि गाजियाबाद जिला प्रशासन पहले भी ऐसी कई कार्रवाई कर चुका है। इससे पहले मसूरी के कल्लूगढ़ी में एक अवैध मदरसे को और मोदीनगर में मस्जिद के पास सरकारी जमीन पर बनी अवैध दुकानों को बुलडोजर से ढहाया जा चुका है। इसके अलावा, खोड़ा और लोनी इलाकों में भी अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान लगातार चल रहा है।

इनपुट: जुबैर अख्तर

यह भी पढ़ें

मुजफ्फरनगर में युवती को जंगल ले जाकर पांच युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने दर्ज की FIR

यूपी: बेटी अदिति यादव के खिलाफ इंटरनेट पर चल रहे विवादित कैंपेन पर सामने आया मां डिंपल यादव का बयान, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।