गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र स्थित डागर विहार कॉलोनी फेस-01 में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में महिलाएं भी शामिल नजर आ रही हैं।
पुरानी रंजिश में मारपीट
जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। पीड़िता रचना शर्मा ने थाना मुरादनगर में दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी तान्या शर्मा किसी काम से घर के सामने गई थी। इसी दौरान पड़ोसी मुकेश शर्मा, उसकी पत्नी अर्चना शर्मा और निशी शर्मा ने पुरानी रंजिश के चलते अपशब्द कहने शुरू कर दिए। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि लाठी-डंडों से हमला कर रचना शर्मा और उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई।
मारपीट का वीडियो आया सामने
वहीं सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दोनों पक्ष सड़क पर एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाएं भी हाथापाई और मारपीट करती नजर आ रही हैं। घटना के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। शोर-शराबा बढ़ने पर आरोपी पक्ष जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की तहरीर पर थाना मुरादनगर पुलिस ने मुकदमा संख्या 0237/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया जा रहा है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- जुबैर अख्तर