1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा पहुंचे सीएम योगी, कहा-'जैसे यूपी के माफिया ठंडे हो गए, वैसे ही मौसम भी ठंडा हो गया है'

नोएडा पहुंचे सीएम योगी, कहा-'जैसे यूपी के माफिया ठंडे हो गए, वैसे ही मौसम भी ठंडा हो गया है'

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jun 25, 2023 12:47 pm IST,  Updated : Jun 25, 2023 01:00 pm IST

नोएडा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- जैसे माफिया उत्तर प्रदेश के ठंडे हो गए वैसे ही मौसम भी ठंडा हो गया है।

CM yogi in noida- India TV Hindi
नोएडा में गरजे सीएम योगी Image Source : FILE PHOTO

नोएडा: सीएम योगी आदित्यनाथ नोएडा पहुंचे हैं। यहां उन्होंने नोएडा और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की 1718.66 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। नोएडा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि जैसे  उत्तर प्रदेश के माफिया ठंडे हो गए वैसे ही अब यहां का मौसम भी ठंडा हो गया है। सीएम योगी ने कहा कि जनवरी 2024 को अयोध्या में भगवान श्री राम अपने मंदिर में विराजमान होंगे।

योगी ने कहा कि यहां देखो हमारे प्रधानमंत्री का अमेरिका में अभूतपूर्व  स्वागत हुआ और भारत दुनिया में 5वीं अर्थव्यवस्था के रूप उभरा है। वहीं पाकिस्तान को देखो, आज वह एक-एक रोटी के लिए मोहताज हो रहा है।

योगी ने आपातकाल को किया याद

सीएम योगी ने कहा कि आज ही के दिन 48 साल पहले कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटने और लोकतंत्र की हत्या का प्रयास किया था। रामनाथ गोयनका जी ने आवाज मुखर की थी आज उनके नाम से एक मार्ग का लोकार्पण करने का मौका मिला।

सभी लोकतंत्र सैनानियों को नमन करता हूं, आजादी के बाद देश के लोकतंत्र पर जब संकट आया था तो जय प्रकाश नारायण जी के नेतृत्व में अटल, आडवाणी जी थे और सभी ने एक मंच पर आकर लोकतंत्र को बचाने का काम किया था। लेकिन आज जेपी और लोहिया के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

योगी ने इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन

सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर नोएडा के लोगों 1718 करोड़ की योजनाओं की सौगात मिल रही है।इसमे नोएडा सेक्टर  123 में 142 करोड़ की लागत से निर्मित सब स्टेशन, नोएडा ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाला पर्थला चौक के उपर केबल स्टेयड फ्लाई ओवर ,सेक्टर  78 में वेदवन पार्क जैसे विकास कार्य शामिल है। केंद्र सरकार की मोदी जी के नेतृत्व में 9 वर्ष की उपलब्धियों को बताने आपके बीच आया हूं, 2024 में एक बार फिर से सरकार आए। आपको 1718 करोड़ की परियोजना देने आया हूं।

पहले लोग नोएडा आने में संकोच करते थे, दिल्ली जाते थे 

योगी ने कहा कि पहले लोग यहां नहीं आते थे, दिल्ली चले जाते थे क्योंकि यहां व्यवस्था अच्छी नहीं थी। लेकिन पिछले 6 सालों में स्थिति बदल गई है। आज इन परियोजनाओं का लोकार्पण और ग्रेटर नोएडा में एक रोबोटिक मैन्यूफैक्चरिंग का उद्घाटन हो रहा है। एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर में बन रहा है। 6 साल पहले जेवर की क्या स्थिति थी? जिन चीजों की पहले सिर्फ कल्पना की थी वो सब हो रहा है। जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों का धन्यवाद।

काशी भी हमारे पास, अयोध्या भी हमारे पास और नोएडा भी हमारे पास। दुनिया के अंदर जहां भी सनातनी हैं, सभी जनवरी 2024 में  राम मंदिर के बनने का इंतजार कर रहा है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।