1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. स्पेस से वापसी के बाद पहली बार लखनऊ आ रहे शुभांशु शुक्ला, सीएम योगी करेंगे नागरिक अभिनंदन; जानें कैसी है तैयारी?

स्पेस से वापसी के बाद पहली बार लखनऊ आ रहे शुभांशु शुक्ला, सीएम योगी करेंगे नागरिक अभिनंदन; जानें कैसी है तैयारी?

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 24, 2025 06:30 pm IST,  Updated : Aug 24, 2025 06:30 pm IST

एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला हाल ही में स्पेस मिशन से वापस धरती पर लौटे हैं। इसके बाद वह पहली बार अपने गृह जनपद लखनऊ आ रहे हैं। ऐसे में सीएम योगी खुद शुभांशु शुक्ला का स्वागत करेंगे।

सीएम योगी करेंगे शुभांशु शुक्ला का नागरिक अभिनंदन।- India TV Hindi
सीएम योगी करेंगे शुभांशु शुक्ला का नागरिक अभिनंदन। Image Source : PTI/FILE

लखनऊ के बेटे और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को नागरिक अभिनंदन करेंगे। शुभांशु शुक्ला हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल मिशन पूरा कर लौटे हैं। मिशन पूरा कर वह हाल ही में भारत आए हैं और अब पहली बार वह सोमवार को लखनऊ आ रहे हैं। इसी क्रम में योगी सरकार ने देश के नायक को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जा रहा है। 

मिशन पूरा कर वापस लौटे शुभांशु 

लखनऊ में जन्मे शुभांशु भारतीय वायुसेना के अनुभवी पायलट हैं। वे एक्सिओम-4 मिशन में शामिल होकर पहले भारतीय बने जिन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखा। मिशन के दौरान उन्होंने 60 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग किए और दुनिया भर के छात्रों से जुड़े। भारत लौटने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अंतरिक्ष से लाया हुआ तिरंगा और मिशन पैच भेंट किया था, जो पूरे देश के लिए भावुक क्षण था। अब इसी क्रम में सोमवार को शुभांशु लखनऊ पहुंच रहे हैं। योगी सरकार ने इस अवसर पर उनके सम्मान का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 

लखनऊ में चल रहीं स्वागत की तैयारियां

लखनऊ में शुभांशु शुक्ला के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को चार बजे लोकभवन में शुभांशु का नागरिक अभिनंदन करेंगे। शुभांशु लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में पढ़े हैं। प्रशासन के साथ स्कूल के बच्चे भी एयरपोर्ट पर शुभांशु का स्वागत करेंगे। एक स्पेशल रथ में शुभांशु को स्कूल ले जाया जाएगा। शुभांशु का घर त्रिवेणी नगर में है। नगर निगम ने शुभांशु के घर के सामने वाली सड़क का नाम शुभांशु के नाम पर करने का ऐलान किया है। शुभांशु तीन दिन लखनऊ में रहेंगे। सुरक्षा के चलते इस बार शुभांशु अपने घर नहीं आ पायेंगे, वो गेस्ट हाउस में रुकेंगे।

साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभांशु शुक्ला को उत्तर प्रदेश और पूरे भारत का गौरव बताया है। मिशन पूरा कर वापस धरती पर लौटने पर उन्होंने कहा था कि अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराना हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है। आपकी उपलब्धि साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक है। आज हर भारतीय, विशेषकर उत्तर प्रदेश वासी गौरवान्वित है। सीएम ने यह भी कहा कि शुभांशु की सफलता यह साबित करती है कि अब उत्तर प्रदेश का युवा हर क्षेत्र में, चाहे वह विज्ञान हो या तकनीक, दुनिया के मंच पर अपनी छाप छोड़ रहा है। ऐसे में शुभांशु का स्वागत कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें सच करने की प्रेरणा देगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।