1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाह री पुलिस! सीओ साहब का बाल काटने टाइम पर नहीं पहुंचा नाई तो सिपाहियों ने हवालात में डाला

वाह री पुलिस! सीओ साहब का बाल काटने टाइम पर नहीं पहुंचा नाई तो सिपाहियों ने हवालात में डाला

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 29, 2024 07:41 pm IST,  Updated : May 29, 2024 10:07 pm IST

सीओ का बाल काटने और शेविंग करने के लिए समय पर नाई नहीं पहुंच पाया तो पुलिसवालों ने उसे हवालात में बंद कर दिया। फिलहाल नाई को हवालात से छोड़ दिया गया है।

पीड़ित नाई- India TV Hindi
पीड़ित नाई Image Source : INDIA TV

बदायूं: बदायूं जिले के बिसौली में तैनात सीओ सुनील कुमार पर एक नाई ने गंभीर आरोप लगाया है। नाई ने आरोप लगाया है कि जब वह सीओ साहब के बुलावे पर समय से नहीं पहुंच पाया और उनका बाल नहीं काट पाया तो सीओ के आदेश पर बिसौली कोतवाली के सिपहियों नें उसे पकड़कर हवालात में डाल दिया। वहीं, नाई के आरोपों को पुलिस ने निराधार बताया है। पुलिस ने कहा कि नाई पर आरोप है कि उसने एक शख्स का बाल काटने से मना कर दिया जिसके बाद उस पर कार्यवाई हुई है। मीडिया में प्रकरण आने पर अधिकारी जबाब देने से बच रहे हैं। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा विषय बना हुआ है। 

नाई ने लगाया ये आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, बिसौली नगर पालिका के निकट नाई दलबीर का हेयर कटिंग का सैलून है। नाई का आरोप है कि कल सुबह सैलून पर ग्राहक अधिक थे। इस दौरान सीओ सुनील कुमार बिसौली का फरमान पहुंचा कि साहब की कटिंग और शेविंग उनके आवास पर होनी है। नाई अपनी दुकान पर ग्राहकों के काम कर रहा था। काम खत्म होने पर सीओ सुनील कुमार के आवास पर पहुंचा। उनके आवास पर पहुंचने में नाई को कुछ देरी हो गयी। 

गुस्से में सीओ ने नाई को हिरासत में लेने का आदेश दिया

इसी बात से नाराज सीओ सुनील कुमार का पारा चढ़ गया और उन्होंने हुक्म जारी कर दिया कि नाई विनोद को हिरासत में ले लिया जाए। साहब के आदेश का पालन करना पुलिस की मजबूरी कहे या फिर कुछ और उन्होंने भी बिना देरी किए नाई विनोद को पकड़कर हवालात में डाल दिया। जिसके बाद मामला मीडिया के सामने आया तभी नाई को बिसौली कोतवाली से छोड़ा गया।

नाई पर भी लगा है ये आरोप

वहीं, दूसरी तरफ मनी नाम के एक शख्स का आरोप है कि वह नाई की दुकान पर बाल कटवाने गया था। उन्होंने बाल काटने से मना कर दिया। उसने पुलिस में लिखित शिकायत भी दी है। इसी के चलते पुलिस नाई को पकड़ कर लाई थी। फिलहाल पुलिस ने नाई को छोड़ दिया है। मामले में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।

(बदायूं से सौरभ शर्मा की रिपोर्ट)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।