1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. IPL का फाइनल देखने की बात कहकर कोचिंग में रुके संचालक की मौत, स्टूडेंट्स को सुबह खून से लथपथ मिला शव

IPL का फाइनल देखने की बात कहकर कोचिंग में रुके संचालक की मौत, स्टूडेंट्स को सुबह खून से लथपथ मिला शव

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 01, 2026 01:13 pm IST,  Updated : Jun 01, 2026 01:59 pm IST

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की एक आंख के ऊपर चोट के निशान दिखे हैं। साथ ही उसके मुंह से खून भी निकला है। पुलिस सभी एंगल में जांच कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

कोचिंग संचालक की मौत- India TV Hindi
कोचिंग संचालक की मौत Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब संस्थान के संचालक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

10 साल से चला रहे थे कोचिंग सेंटर

जानकारी के अनुसार, यशोदा नगर निवासी 47 वर्षीय प्रकाश चंद्र गुप्ता पिछले करीब दस सालों से डाटा एक्सपर्ट कोचिंग संस्थान की फ्रेंचाइजी चला रहे थे। रविवार शाम उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया था कि वह गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जाने वाले आईपीएल फाइनल मुकाबले को देखने के लिए कोचिंग सेंटर में ही रुकेंगे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।

सुबह पढ़ने गए स्टूडेंट्स को पड़ा मिला शव

सोमवार सुबह करीब नौ बजे छात्र-छात्राएं जब नियमित कक्षाओं के लिए कोचिंग पहुंचे तो संचालक का शव परिसर के अंदर पड़ा मिला। शव के आसपास खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर छात्र घबरा गए और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आंख के ऊपर चोट के निशान

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतक की एक आंख के ऊपर चोट का निशान मिला, जबकि मुंह से खून निकलने के भी संकेत दिखाई दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

घटना स्थल से 15 हजार रुपये नकद भी मिले

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के पास से उनका पर्स और घड़ी सुरक्षित बरामद हुई है। पर्स में करीब 15 हजार रुपये नकद मिले हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया लूटपाट की आशंका कम नजर आ रही है। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक डायबिटीज के मरीज थे और शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं। उनका कई साल पहले पत्नी से तलाक हो चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले के खुलासे के लिए एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस सभी एंगल में कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव

ये भी पढ़ें: 

4 डिप्टी CM बनाए जाने के पक्ष में नहीं डीके शिवकुमार, आलाकमान से मिलने सिद्धारमैया के साथ दिल्ली आ रहे दोनों नेता

नहीं रुकेगा युद्ध! अमेरिका ने ईरानी सैन्य स्थलों पर की बमबारी, IRGC ने कुवैत पर ड्रोन और मिसाइल से किए हमले

 
 
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।