1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश के मेरठ में जन्मदिन पार्टी के दौरान विवाद, एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

उत्तर प्रदेश के मेरठ में जन्मदिन पार्टी के दौरान विवाद, एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Aug 16, 2025 04:43 pm IST,  Updated : Aug 16, 2025 08:11 pm IST

मेरठ के मछेरान में एक दर्दनाक घटना देखने को मिली है। यहां जन्मदिन के दौरान एक व्यक्ति की लोहे के रॉड से हमला करके हत्या कर दी गई।

Dispute during a birthday party in Meerut Uttar Pradesh one person beaten to death- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

मेरठ जिले के मछेरान इलाके में जन्मदिन की पार्टी के दौरान झगड़े के बाद एक व्यक्ति की लोहे की रॉड से हमला करके हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। नगर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने शुक्रवार रात हुई घटना के संबंध में शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान मछेरान के निवासी अब्दुल करीम (45) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के सदस्य की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। सिंह ने कहा कि इस दौरान कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, कहासुनी के बाद उन लोगों ने अब्दुल करीम की पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

उन्होंने कहा कि अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिंह ने कहा कि घटना के संबंध में मृतक के परिजन ने कुल पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है, जिनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बयान जारी करते हुए कहा था कि राज्य में पिछले दो सालों में गंभीर अपराधों के 8000 से ज़्यादा दोषियों को आजीवन कारावास और 70 को मौत की सज़ा सुनायी गयी है। 

क्या बोले डीजीपी

डीजीपी ने कहा, ‘‘ एक जुलाई, 2023 से अब तक एक लाख से ज़्यादा लोगों को दोषी ठहराया जा चुका है, जिनमें से 70 को मौत की सज़ा और 8,785 को आजीवन कारावास की सज़ा मिली है।’’ उन्होंने इन आंकड़ों को ‘‘अपराध के खिलाफ विभाग के संकल्प का प्रमाण’’ बताया। उन्होंने अपराध और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के प्रति उत्तर प्रदेश पुलिस की अटूट प्रतिबद्धता दोहरायी तथा तकनीक एवं समुदाय-उन्मुख पुलिस व्यवस्था पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा के लिए शुरू किए गए कार्यक्रम ‘‘मिशन शक्ति’’ की सफलता पर प्रकाश डाला और कहा कि इसने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को ‘‘सुरक्षित और अधिक सम्मानित’’ महसूस कराया है।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।