1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा विधायक इरफान सोलंकी के घर ईडी की रेड, कानपुर से महाराष्ट्र तक सभी ठिकानों पर की गई छापेमारी

सपा विधायक इरफान सोलंकी के घर ईडी की रेड, कानपुर से महाराष्ट्र तक सभी ठिकानों पर की गई छापेमारी

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 07, 2024 12:45 pm IST,  Updated : Mar 07, 2024 12:45 pm IST

ईडी ने समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके परिवार के सदस्यों के कानपुर स्थित परिसरों में छापेमारी की। अधिकारिक सूत्रों ने इस बाबत जानकारी साझा की। बता दें कि सोलंकी फिलहाल महाराजगंज जेल में हैं।

ED raids SP MLA Irfan Solanki house raids conducted at all locations from Kanpur to Maharashtra- India TV Hindi
सपा विधायक इरफान सोलंकी के घर ईडी की रेड Image Source : FILE PHOTO

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन संबंधी एक मामले की जांच के तहत उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इरफान सोलंकी और उनके परिवार के सदस्यों के कानपुर स्थित परिसरों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सोलंकी (44) फिलहाल महाराजगंज जेल में हैं। वह सीसामऊ विधानसभा सीट से चौथी बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि सोलंकी, जेल में बंद उनके भाई रिजवान, शौकत अली, हाजी वसी, नूरी शौकत और कुछ अन्य के कानपुर में लगभग पांच परिसरों और महाराष्ट्र के मुंबई में एक परिसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों द्वारा मुहैया सुरक्षा के बीच तड़के छापेमारी की गई।

Related Stories

सपा विधायक के घर छापेमारी

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सोलंकी और अन्य के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर ईडी ने उनके विरुद्ध धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था जिसके बाद यह कार्रवाई की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा के विधायक सोलंकी कई आपराधिक मामलों में दिसंबर 2022 से महाराजगंज जेल में हैं। सोलंकी और रिजवान को पुलिस ने एक महिला को परेशान करने और उसका भूखंड हड़पने के लिए उसके घर में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। 

ईडी ने दर्ज किया विधायक के खिलाफ केस दर्ज

बता दें कि पुलिस ने सोलंकी और रिजवान तथा तीन अन्य पर उत्तर प्रदेश गैंगस्टर और असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। बता दें कि इससे पहले कानपुर में इनकम टैक्स की टीम ने एक तंबाकू व्यापारी के घर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में करोड़ों रुपये की लग्जरी कारों को बरामद किया गया। साथ ही काफी मात्रा में कैश, लग्जरी घड़ियों को भी बरामद किया। बता दें कि तंबाकू फैक्ट्री के मालिक के घर से करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेजों को भी बरामद किया गया था।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।