उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 13 जून को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में मरने वालों में जहां एक ढाई साल का मासूम शामिल है तो वहीं उसकी 55 साल की दादी भी हैं। यह दर्दनाक हादसा सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार और बाइक के बीच हुआ, जिसमें क्रेटा कार ने बाइक को पीछे की तरफ काफी तेजी टक्कर मारी, जिससे बाइक पर सवार सभी चार लोग काफी गंभीर रूप से घायल हो गए और इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां पर पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
ससुराल से वापस अपने गांव लौट रहे थे
हादसे में मरने वाले लोगों के परिवार वालों ने बताया कि लविश अपनी मां, बहन और बेटी को लेकर कोठड़ी स्थित ससुराल से वापस अपने गांव मलकपुर लौट रहा था। धौलाकुआं के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर दूर तक जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। वहीं हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया जबकि घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
साल 2022 में हुई थी लविश की शादी
मृतकों में मलकपुर निवासी लविश जिसकी उम्र 26 साल थी उसके अलावा उसकी मां राजदुलारी उम्र 55 साल, बहन अंजना उम्र 20 साल और ढाई साल की बेटी रूही शामिल थी। लविश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और साल 2022 में उसकी शादी हुई थी। घर पर उसकी पत्नी और एक छोटा बेटा भी है वहीं हादसे में जान गंवाने वाली रूही उसकी बड़ी बेटी थी। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
(रिपोर्ट - खालिद हसन)
ये भी पढ़ें
बहन का कत्ल कर थाने पहुंचा भाई, पुलिस के सामने गुनाह कबूल कर घटना की दी जानकारी
यूपी में अवैध संबंधों के विवाद में हत्या का खुलासा, पत्नी के प्रेमी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार