1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पूर्व कांग्रेस सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल का 81 साल की उम्र में निधन, जानें मेयर से कोयला मंत्री बनने की कहानी

पूर्व कांग्रेस सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल का 81 साल की उम्र में निधन, जानें मेयर से कोयला मंत्री बनने की कहानी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 28, 2025 09:50 pm IST,  Updated : Nov 28, 2025 09:50 pm IST

श्रीप्रकाश जायसवाल तीन बार कानपुर से सांसद चुने गए। इस दौरान उन्होंने कोयला मंत्रालय और गृह मंत्रालय में अपना योगदान दिया। छोटे स्तर से राजनीति शुरू करने वाली जायसवाल का जोर स्थानीय विकास पर रहा।

sriprakash Jaiswal- India TV Hindi
श्रीप्रकाश जायसवाल Image Source : X/SRIPRAKASHJAISWAL

भारतीय राजनीति के एक प्रमुख स्तंभ और पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार शाम निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे 81 वर्षीय जायसवाल की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

श्रीप्रकाश जायसवाल उत्तर प्रदेश के कानपुर लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद रहे। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। वर्ष 2009 से 2014 के बीच वे केंद्रीय कोयला मंत्री रहे, जबकि 2004 से 2009 तक गृह राज्यमंत्री रहे। उनके कुशल प्रशासन और संसदीय बहसों के लिए उन्हें सदन में हमेशा सम्मान मिला।

कोयला और गृह मंत्रालय का हिस्सा रहे

श्रीप्रकाश जायसवाल का जन्म 25 सितंबर 1944 को कानपुर में हुआ, जायसवाल ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत स्थानीय स्तर से की। वे शहर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष से लेकर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के संयुक्त सचिव तक रहे। 1999 में वे कानपुर से पहली बार लोकसभा पहुंचे और उसके बाद, 2004 तथा 2009 में लगातार चुने गए। कोयला मंत्रालय में रहते हुए उन्होंने क्षेत्रीय विकास पर विशेष जोर दिया, जबकि गृह मंत्रालय में आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर उनकी सक्रियता सराहनीय रही।

लंबे समय से बीमार थे जायसवाल

काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे जायसवाल की हालत पिछले कुछ दिनों में और अधिक नाजुक हो गई थी। परिवार के सदस्यों के अनुसार, शुक्रवार सुबह से उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, देर शाम उन्हें कार्डियोलॉजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां, पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके निधन की पुष्टि की। मृत्यु का मुख्य कारण हृदय संबंधी जटिलताएं बताई जा रही हैं। कानपुर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने साझा शोक सभा आयोजित करने की घोषणा की है। श्रीप्रकाश जायसवाल के पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह कानपुर में ही अंतिम विदाई दी जाएगी।

(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

"SIR के बहाने ये लोग आरक्षण, नौकरी और आपके अधिकार छीन लेंगे", अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला

दर्दनाक हादसा! कार के ऊपर डंपर पलटने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, अंतिम संस्कार में जा रहे थे लोग

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।