1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: पूर्व युवा कल्याण अधिकारी की हत्या, कूड़े के ढेर में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

UP: पूर्व युवा कल्याण अधिकारी की हत्या, कूड़े के ढेर में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 01, 2025 12:21 pm IST,  Updated : Jun 01, 2025 12:21 pm IST

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पूर्व युवा कल्याण अधिकारी का शव कूड़े के ढेर से मिला है। कल शाम से ही वह लापता थे। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

कूड़े के ढेर में मिला शव।- India TV Hindi
कूड़े के ढेर में मिला शव। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

जौनपुर: यूपी के जौनपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पूर्व युवा कल्याण अधिकारी का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामकृपाल यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार की शाम को अपने पोते के साथ घर से निकले थे। कुछ देर जाकर उन्होंने पोते को घर भेज दिया और कहा कि वह अभी आ रहे हैं। इसके बाद से वह लापता हो गए। वहीं अब उनका शव कूड़े के ढेर से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की टीम इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।

शरीर पर मिले चोट के निशान

दरअसल, पूरा मामला जौनपुर के लाइन बाजार इलाके का है, जहां रविवार की सुबह कूड़े के ढेर में एक शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान पूर्व युवा कल्याण अधिकारी के तौर पर हुई है। मृतक का नाम रामकृपाल यादव (61) है जो खुटहन थाना क्षेत्र के मैरवां गांव के रहने वाले थे। वह इस समय शहर के पालीटेक्निक चौराहे के पास सुंदर नगर कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। वहीं रामकृपाल का शव बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। उनके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। 

कल शाम से थे लापता

वहीं पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या की वजह का पता लगाया जा सकेगा। घटना की जांच के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। परिजनों का कहना है कि रामकृपाल शनिवार को अपने पोते के साथ घर से बाहर निकले थे। थोड़ी दूर आगे वाजिदपुर जाने के बाद उन्होंने एक रेस्तरां के सामने गाड़ी रुकवाई और पोते को कहा कि वह अभी आ रहे हैं। इसके बाद से ही वह लापता थे। परिजन रामकृपाल की तलाश में जुटे थे, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। उनका फोन भी बंद आ रहा था। वहीं अब कूड़े के ढेर से शव बरामद होने के बाद पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।