1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जेल में हुई दोस्ती बनी करोड़ों की चोरी की प्लानिंग की वजह, रिटायर्ड PAC अधिकारी के घर 21 लाख की वारदात का खुलासा

जेल में हुई दोस्ती बनी करोड़ों की चोरी की प्लानिंग की वजह, रिटायर्ड PAC अधिकारी के घर 21 लाख की वारदात का खुलासा

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 27, 2026 11:28 pm IST,  Updated : Jul 27, 2026 11:28 pm IST

कानपुर के हनुमंत विहार में रिटायर्ड पीएसी प्लाटून कमांडर के घर हुई 21 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर में सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर में रिटायर्ड PAC प्लाटून कमांडर के घर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात के पीछे ऐसे दो शातिर अपराधी निकले, जिनकी दोस्ती जेल की सलाखों के पीछे हुई थी। रिहा होने के कुछ ही महीनों बाद दोनों ने फिर अपराध की राह पकड़ी और बंद मकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरियों को अंजाम देने की साजिश रच डाली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है।

दक्षिण कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन उर्फ रवि चौरसिया और राहुल कनौजिया के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से ही कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पवन पर चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 9 मामले दर्ज हैं, जबकि राहुल के खिलाफ 16 आपराधिक केस दर्ज हैं।

घर से उड़ाए करीब 20 लाख के गहने

दरअसल, 24 जुलाई को बख्तौरीपुरवा निवासी और PAC से सेवानिवृत्त प्लाटून कमांडर फूल सिंह के घर चोरी हुई थी। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के पीछे बने प्लॉट में बंधे पशुओं की देखभाल करने गए थे। कुछ देर बाद लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 19.50 लाख रुपये के गहने और 1.20 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।

इस चोरी में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। वारदात के दौरान घर की दूसरी मंजिल पर सो रहा परिवार का एक नाती काफी देर तक नहीं जागा। परिजनों ने जब उसे उठाया तो वह बेसुध मिला। शुरुआती आशंका है कि चोरों ने बच्चे को कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, ताकि वह जाग न सके और चोरी बिना किसी रुकावट के पूरी हो जाए। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।

CCTV कैमरे से पुलिस को मिला अहम सुराग

पुलिस के लिए इस मामले में सबसे बड़ा सुराग घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरे बने। फुटेज में दोनों आरोपी तौलिया से चेहरा ढककर घर में घुसते दिखाई दिए। दिलचस्प बात यह रही कि भागते समय एक आरोपी अपनी तौलिया वहीं छोड़ गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर की सूचना के बाद दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले भी नजीराबाद इलाके में करीब 90 लाख रुपये की चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। वहीं उनकी दोस्ती हुई थी। जेल से बाहर आने के लगभग चार महीने बाद दोनों ने फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। उनका तरीका तय था, पहले बंद मकानों की रेकी करना और फिर मौका मिलते ही घर में घुसकर लाखों का माल समेटकर फरार हो जाना।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें:

राम मंदिर चंदा चोरी की जांच के लिए नई SIT गठित, किरण एस 4 सदस्यीय टीम के हेड, एक सीए भी शामिल

गाजियाबाद में नौकरानी ने काम के पहले ही दिन चोरी किया फोन, फ्लैट के CCTV में कैद हुई घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।