Galgotias University Chinese Robot Issue: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI Impact Summit 2026 में Galgotias University की तरफ से चीनी रोबोट को कथित रूप से अपना डेवलप किया हुआ बताने का मुद्दा उठा है। नियम 56 के तहत विधायक पंकज मलिक ने ये मामला सदन में उठाया है। हालांकि, इसे विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने ये कहकर टाल दिया कि ये समिट प्रदेश सरकार ने नहीं कराई है।
जो इवेंट यूपी में नहीं हुआ उसकी चर्चा नहीं कर सकते
विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने कहा कि ये समिट यूपी में नहीं हो रहा है और ना ही इसे हमारी प्रदेश सरकार ने करवाया है। जो इवेंट हुआ वो केंद्र सरकार ने कराया है और वह दिल्ली में हुआ है। इसलिए विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हो सकती है।
कौन यूनिवर्सिटी क्या कर रही हमें उसकी सूचना नहीं
उन्होंने आगे कहा कि AI Summit का इवेंट नोएडा में नहीं हुआ है और कौन सी यूनिवर्सिटी देश में क्या कर रही है इस पर हमारे पास सूचना नहीं है। इस वजह से Galgotias University की तरफ से कथित चीनी रोबोट के इस्तेमाल के आरोप का मामला विधानसभा की चर्चा में शामिल नहीं हो सकता।
गलगोटिया यूनिवर्सिटी का रोबोट विवाद क्या है?
गौरतलब है कि भारत मंडपम में AI Impact Summit 2026 समिट आयोजित की गई है, जिसमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत दुनिया के तमाम बड़े लीडर और कंपनी के CEO आए हुए हैं। इस समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी को भी अपनी इनोवेशन दिखाने का मौका मिला था। लेकिन उनके स्टॉल पर एक ऐसा रोबोट दिखा, जिसके चीन में निर्मित होने का दावा किया जा रहा है।
गलगोटिया यूनिवर्सिटी की सफाई
इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि चीन में बना रोबोट गलगोटिया यूनिवर्सिटी अपना डेवलप किया हुआ कैसे बता सकती है। हालांकि, गलगोटिया यूनिवर्सिटी की तरफ से भी इस मामले पर अपना पक्ष रखा गया है। उन्होंने कहा है कि हमने इस रोबोट को डेवलप करने का दावा कभी नहीं किया है। इसको खरीदा गया था। ये बच्चों को AI के बारे में समझाने के लिए था।