1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद की सोसायटी में पालतू कुत्ते के अटैक के बाद गिरी महिला, जब किया विरोध तो पेट ऑनर करने लगे बदतमीजी; शॉकिंग VIDEO

गाजियाबाद की सोसायटी में पालतू कुत्ते के अटैक के बाद गिरी महिला, जब किया विरोध तो पेट ऑनर करने लगे बदतमीजी; शॉकिंग VIDEO

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 16, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Oct 16, 2026 02:50 pm IST

गाजियाबाद के इंदिरापुरम की शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी में कुत्ते के हमले में एक महिला घायल हो गई। आरोप है कि बीजेपी नेता प्रिया बिष्ट अपने बेटे के साथ अपने पालतू कुत्ते को बिना पट्टे के घुमा रही थीं। इसी दौरान कुत्ते ने महिला पर हमला कर दिया।

dog attack- India TV Hindi
इंदिरापुरम की सोसायटी में कुत्ते का आतंक। Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी में पालतू कुत्ते से जुड़ी 2 घटनाओं के बाद निवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। आरोप है कि सोसाइटी निवासी और स्थानीय स्तर पर भाजपा नेता प्रिया बिष्ट अपने बेटे के साथ अपने पालतू कुत्ते को बिना पट्टे (लीश) के घुमा रही थीं। इसी दौरान कुत्ता एक महिला की ओर दौड़ा और उन पर झपट पड़ा। अचानक हुए घटनाक्रम में महिला घबराकर जमीन पर गिर गईं, जिससे उनकी कमर और पैरों में चोटें आईं।

सोसाइटी निवासी निवेदिता तिवारी के मुताबिक, इसी दिन इससे करीब दो घंटे पहले एक छोटे बच्चे को भी कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद महिला के साथ हुई घटना ने सोसाइटी में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

कुत्ते का हमले का CCTV फुटेज आया सामने-

घायल महिला की मदद के दौरान भी विवाद का आरोप

निवेदिता तिवारी ने बताया कि महिला के जमीन पर गिरने के बाद प्रिया बिष्ट के बेटे ने उनसे बार-बार पूछा कि कुत्ते ने कहां काटा है। इसी दौरान सोसाइटी की एक अन्य महिला घायल की मदद के लिए आगे आईं और घटनाक्रम का वीडियो बनाने का प्रयास किया। आरोप है कि वीडियो बनाने के दौरान प्रिया बिष्ट के बेटे ने उनका हाथ पकड़कर झटक दिया और खुद प्रिया बिष्ट ने मोबाइल पर झपट्टा मारा। स्थिति को संभालने और घायल महिला की सहायता के लिए सिक्योरिटी गार्ड को भी बुलाया गया।

निवेदिता तिवारी का कहना है कि वह इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी हैं। उन्होंने सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

पालतू कुत्तों को पट्टे से घुमाने की अपील

निवेदिता ने सोसाइटी के सभी निवासियों से अपील की है कि वे अपने पालतू कुत्तों को बिना पट्टे के न घुमाएं और सार्वजनिक स्थानों पर दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। उनका कहना है कि सोसाइटी में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग नियमित रूप से टहलते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पालतू जानवरों को नियंत्रित रखना जरूरी है।

गौरतलब है कि शिप्रा कृष्णा विस्टा गाजियाबाद की पहली ऐसी सोसायटी है जो स्ट्रीट डॉग फ्री सोसायटी है। लेकिन सोसायटी के कुछ रेजिडेंट्स के पालतू डॉग्स को लेकर यहां अक्सर विवाद होते रहते है।

इससे पहले गाजियाबाद की राजनगर एक्सटेंशन की स्टार रामेश्वरम सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। सोसाइटी में घूम रही 6 साल की मासूम बच्ची को तीन आवारा कुत्तों ने घेर लिया और उस पर झपट पड़े। हमले में बच्ची घायल हो गई। पूरी घटना सोसाइटी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

(रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें-

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में खूंखार कुत्ते का हमला, पालतू पग की मौत, VIDEO वायरल

नशे की गाड़ी पकड़ने पहुंची पुलिस पर छोड़ा खूंखार कुत्ता, जवान के पेट में गड़े दांत; 2 महिलाओं समेत 5 पर FIR

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।