1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: इंटरनेशनल पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड में अब तक 2 गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

गाजियाबाद: इंटरनेशनल पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड में अब तक 2 गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 01, 2026 05:03 pm IST,  Updated : Jun 01, 2026 05:03 pm IST

गाजियाबाद के चिराग त्यागी हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इसमें साथी खिलाड़ी ही कातिल निकला है। उसने हीन भावना में आकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। इस घटना में 2 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और तीसरे की तलाश जारी है।

Chirag Tyagi- India TV Hindi
चिराग त्यागी हत्याकांड में अब तक 2 गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: गाजियाबाद पुलिस ने चर्चित अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या पुरानी रंजिश और खेल करियर को लेकर आपसी ईर्ष्या के कारण की गई थी। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार से जुड़े अहम सुराग भी जुटाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

30 मई को गाजियाबाद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के साईं उपवन में चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान यश खटीक, गगन त्यागी और अभय उर्फ अभिनव के नाम सामने आए। पुलिस ने 1 जून को यश खटीक और गगन त्यागी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी अभय उर्फ अभिनव की तलाश जारी है। 

अभियुक्त यश खटीक ने पूछताछ में क्या बताया?

अभियुक्त यश खटीक ने पूछताछ करने पर बताया कि मैं व चिराग त्यागी जवाहर लाल स्टेडियम दिल्ली में पैरा एथलीट रेस 400 मीटर की प्रैक्टिस करते थे। चिराग त्यागी का सिलेक्शन एशियन गेम में हो गया था। मेरे आंखों की डॉक्टरी रिपोर्ट जर्मनी जानी थी, जिसे चिराग त्यागी द्वारा खराब करा दिया गया था, इसी कारण मेरा सिलेक्शन नहीं हो पाया और चिराग त्यागी लगातार मैडल जीतता जा रहा था। इससे मुझे हीन भावना होती थी और मेरा कैरियर बर्बाद हो गया। हम दोनों एक साथ प्रैक्टिस करते थे लेकिन मेरा सेलेक्शन नहीं हुआ। मैंने अपने साथी गगन त्यागी के साथ मिलकर चिराग त्यागी की हत्या करने की योजना बनायी, गगन त्यागी ने बताया कि मेरा साथी अभय निवासी भीकनपुर से पिस्टल लाकर दे देगा। अभय उर्फ अभिनव ने मुझे HRID कालेज दुहाई पर पिस्टल लाकर दे दी थी। दिनांक 29.05.26 को चिराग त्यागी बैंगलोर से ट्रायल देकर आया था। दिनांक 30.05.26 को समय करीब सुबह 09.00 बजे जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम दिल्ली से कैब द्वारा साई उपवन गाजियाबाद आए, पिस्टल व कारतूस मेरे साथ थे, मैंने योजना के अनुरूप साई उपवन के एकान्त स्थान पर चिराग त्यागी को पीछे से एक गोली मारी जो उसके सिर में लगी, गोली लगने के बाद चिराग त्यागी वहीं गिर पड़ा।

इस मामले में गाजियाबाद के डीसीपी सिटी जोन धवल जायसवाल का बयान भी सामने आया है। (रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।