1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: होटल में घुसकर महिला ने युवक पर बरसाए थप्पड़, बाकी ने लातों से पीटा, सामने आया CCTV

गाजियाबाद: होटल में घुसकर महिला ने युवक पर बरसाए थप्पड़, बाकी ने लातों से पीटा, सामने आया CCTV

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 20, 2025 07:35 am IST,  Updated : May 20, 2025 07:54 am IST

गाजियाबाद के एक होटल में घुसकर एक युवक की पिटाई की गई है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं और कुछ युवक, एक युवक की पिटाई करते हुए दिख रहे हैं।

Ghaziabad- India TV Hindi
गाजियाबाद के एक होटल में घुसकर एक युवक की पिटाई Image Source : INDIA TV

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक युवक की पिटाई कर रहे हैं। ये पिटाई एक होटल के अंदर हो रही है। पहले युवक पर महिला थप्पड़ों की बरसात करती है, फिर महिला के साथ आए युवक लातों से उसकी पिटाई करते हैं। मामला लोनी के US होटल का है। मिली जानकारी के मुताबिक, पिटाई करने के बाद आरोपियों ने होटल में फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर भी पिया।

क्या है पूरा मामला?

लोनी के US होटल में 2 महिलाओं और 5 युवकों ने होटल में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। कर्मचारी होटल में आराम कर रहा था, तभी एक महिला दाखिल हुई और लेटे हुए होटल कर्मचारी को थप्पड़ मारने लगी। फिर इस कर्मचारी के ऊपर थप्पड़ और लातों की बरसात हो गई। 

पीड़ित युवक के साथ कई मिनट तक गाली गलौज भी की गई। हालांकि ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने सोमवार रात लोनी बार्डर थाने में 7 लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला और लूट की तहरीर दी है।

गाजियाबाद के लोनी निवासी उज्जवल का लोनी बार्डर पर US के नाम से होटल है। रविवार को दिल्ली के बदरपुर का निवासी सलमान इस होटल में अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर पहुंचा था। जिसके बाद सलमान नाम का यह युवक जब अपनी प्रेमिका के साथ होटल से निकला तो सलमान ने अपनी प्रेमिका को होटल के बाहर ही मारना-पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद होटल के कर्मचारियों ने सलमान से उसकी प्रेमिका को बचाया और दोनों को समझाकर घर भेज दिया।

सोमवार देर शाम सलमान अपने गुर्गों को लेकर होटल यूएस में पहुंचा। दो महिलाएं भी उसके साथ थीं। होटल कर्मचारी गौरव बेंच पर लेटा हुआ था। इस बीच महिला ने आते ही होटल कर्मचारी गौरव को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद भी कर्मचारी लेटा रहा। उसके बाद उसकी बाजू पकड़कर खींची और लात मारी। जिसके बाद उसे बाहर चलने के लिए गालियां दीं। इस बीच दूसरे युवकों ने थप्पड़ व लात मारी। आरोप है कि पिटाई के बाद रुबीना नाम की एक महिला ने 1800 रुपये भी लूट लिए।

लोनी बार्डर थाने में तहरीर देते हुए उज्जवल ने बताया कि आरोपियों के पास चाकू और उस्तरा थे। आरोपी होटल में हत्या भी कर सकते थे। इन सभी ने होटल कर्मचारी की जेब से पैसे निकाले हैं। साथ ही बाहर खींचने का प्रयास किया है। रात में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी पांचों युवकों और दोनों महिलाओं पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। (इनपुट: जुबैर अख्तर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।