1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजीपुर: रील बनाते समय हुई मौत, कैमरे में कैद हुआ पूरा नजारा, जहां काम करता था वहीं हुआ पोस्टमार्टम

गाजीपुर: रील बनाते समय हुई मौत, कैमरे में कैद हुआ पूरा नजारा, जहां काम करता था वहीं हुआ पोस्टमार्टम

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 28, 2025 07:35 pm IST,  Updated : Mar 28, 2025 07:35 pm IST

रील बनाते समय जैसे ही ई रिक्शा चला वैसे ही चंद्रशेखर का संतुलन बिगड़ा और वह सिर के बल नीचे गिर गए। आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Chandrashekhar rawat- India TV Hindi
मृतक चंद्रशेखर रावत Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रील बनाने के चक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक ई-रिक्शा की छत पर खड़ा होकर रील बना रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना 27 मार्च की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन चौराहे पर एक व्यक्ति ई-रिक्शा की छत पर चढ़कर डांस और स्टंट कर रहा था, तभी ई-रिक्शा आगे बढ़ गया और छत पर ठुमका लगा रहे शख्स का संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

ई-रिक्शा से गिरने के बाद आनन फानन में लोग उसे गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चंद्रशेखर रावत के रूप में हुई है, जो गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम हाउस में आउटसोर्सिंग कर्मचारी था और चिकित्सकों के कार्य में सहयोग करता था। 

रील के लिए लोकप्रिय था चंद्रशेखर

चंद्रशेखर को लोग "जल्लाद" के नाम से भी जानते थे और बताया जा रहा है कि अपनी स्टाइल और रील बनाने के लिए वह खासा लोकप्रिय भी था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें चंद्रशेखर को रिक्शा की छत पर खड़े होकर नाचते देखा जा सकता है। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

जहां काम करते था, वहीं हुआ पोस्टमार्टम

चंद्रशेखर गाजीपुर के पोस्टमार्टम हाउस में आउटसोर्सिंग का काम करते थे। वह पोस्टमार्टम हाउस में साफ-सफाई करने के अलावा अन्य कामों में भी डॉक्टरों की मदद करते थे। चंद्रशेखर की मौत के बाद उनका पोस्टमार्टम भी उसी जगह हुआ, जहां वह काम करते थे। उनके सहयोगियों ने बताया कि उनकी दो शादी हुई थीं। बड़े बेटे की भी शादी हो चुकी है और उसके चार बच्चे हैं, जबकि दूसरी शादी से छोटा बेटा दिल्ली में रहता है।

(गाजीपुर से शशिकांत तिवारी की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।