1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ब्रेसलेट का मोती खाने से बच्ची की हुई मौत, परिजनों ने स्कूल पर लगाए लापरवाही के आरोप

ब्रेसलेट का मोती खाने से बच्ची की हुई मौत, परिजनों ने स्कूल पर लगाए लापरवाही के आरोप

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Feb 16, 2026 09:13 pm IST,  Updated : Feb 16, 2026 09:13 pm IST

बदायूं जिले में एक छात्रा की मौत ब्रेसलेट का मोती खाने से हो गई। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

स्कूल में ही छात्रा की हुई मौत।- India TV Hindi
स्कूल में ही छात्रा की हुई मौत। Image Source : REPORTER INPUT

बदायूं: जिले के आलापुर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां न्यू होप्स पब्लिक स्कूल ककराला में एनसी क्लास की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्कूल प्रशासन के अनुसार बच्ची की मौत उसके हाथ में पहने ब्रेसलेट का मोती खाने से हुई है। हालांकि बच्ची के परिजन इस पूरी घटना में स्कूल की लापरवाही मान रहे हैं।

ठीक हालत में स्कूल गई थी बच्ची

बता दें कि आलापुर थाना क्षेत्र के उघैनी निवाली टेकचंद की 5 वर्षीय की बच्ची तापसी ककराला स्थित न्यू होप्स पब्लिक स्कूल में एनसी की छात्रा थी। बच्ची के पिता ने बताया कि वह सुबह अपनी बच्ची को स्कूल छोड़ने गए थे। सुबह तापसी लंच के लिए दो पराठे भी रख कर ले गई थी, ना तो उसे बुखार था और ना ही किसी प्रकार की बीमारी, तभी अचानक स्कूल से फोन आया कि आपकी बच्ची की हालत खराब है। हम दौड़े-दौड़े स्कूल पहुंचे तो पता चला हमारी बच्ची मर चुकी है।

ब्रेसलेट का मोती खाने से मौत

वहीं न्यू होप्स पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल भूराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची सुबह सही सलामत स्कूल आई थी। बच्ची के क्लास रूम के बराबर बैठी एक अन्य छात्रा ने बताया की उसने हाथ में ब्रेसलेट पहनी थी और उसका मोती उसने चबा लिया। इस पर तुरंत क्लास रूम में बैठी टीचर ने स्कूल प्रशासन को जानकारी दी। हमने खुद बच्ची के परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद बच्ची की दादी स्कूल में आ गईं और मैं स्कूल की गाड़ी से उसे तीन अस्पतालों में लेकर गया। तमाम कोशिशों के बाद भी बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।

जांच में सहयोग कर रहा स्कूल प्रबंधन

स्कूल के प्रिंसिपल भूराज सिंह का कहना है कि यह बच्ची सिर्फ एक पिता की नहीं बल्कि मेरी भी बच्ची है। 5 से 6 घंटे लगभग स्कूल में रहती है तो बच्चा हमारा ही हुआ। हम हर तरह से परिजनों के साथ हैं। मामला पुलिस तक पहुंच गया है तो पुलिस इस मामले में बच्ची का पोस्टमार्टम करा रही है। स्कूल के कमरे में लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं, जिससे सारी स्थिति स्पष्ट हो सके। जिस तरह की भी परिजन हमसे मदद चाहते हैं हम तैयार हैं। (इनपुट- सौरभ शर्मा)

यह भी पढ़ें-

पेट्रोल पंप कर्मी ने बाइक सवारों को पेट्रोल से नहलाया, विवाद के बाद की खौफनाक हरकत; सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।