Viral Video: आज के समय में तो हर किसी के हाथ में फोन है और लोग अलग-अलग मौके पर वीडियो भी बनाते रहते हैं। कई सारे लोग उन वीडियो को खुद तक रखते हैं तो वहीं अधिकतर लोग उसे सोशल मीडिया के हवाले कर देते हैं जहां से वीडियो के वायरल होने की संभावना बहुत ज्यादा होती है। जो वीडियो सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींच लेता है या फिर सबसे अलग होता है, वो वायरल हो ही जाता है। अभी भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स ने अपनी बकरियों का जन्मदिन धूमधाम से मनाया।
धूमधाम से मनाया स्वीटी और मोनिका का जन्मदिन
दरअसल, हरदोई जिले में एक पशुपालक ने अपनी दो बकरियों का 'जन्मदिन' धूमधाम से मनाया। दोनों बकरियों का नाम 'स्वीटी' और 'मोनिका' है, जिनके जन्मदिन का आयोजन किया गया था। हालांकि ये आयोजन साधारण नहीं था, बल्कि इसमें पूरे रीति-रिवाज, भक्ति और भव्यता का संगम देखने को मिला। इस आयोजन की क्षेत्र में खासी चर्चा है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बाकायदा छपवाया निमंत्रण पत्र
स्थानीय निवासी सोनू ने मीडिया को बताया कि सदर तहसील के गौरा डांडा गांव में रहने वाले पशुपालक लालाराम श्रीवास्तव ने बाकायदा निमंत्रण पत्र छपवाकर ग्रामीणों को आमंत्रित किया था। रविवार की रात जश्न की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों से हुई, जिसमें रामायण और भागवत का पाठ किया गया। बकरियों को नहलाकर फूल मालाएं और नए 'वस्त्र' धारण कराये गये। उन्हें 'बर्थ डे कैप' पहनायी गयी और परम्परागत तरीके से केक भी काटा गया।
आयोजन में नहीं रखी कोई कमी
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, लालाराम ने आयोजन में कोई कमी नहीं रखी। बाकायदा डीजे का इंतजाम किया गया जिसकी धुनों पर गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग जमकर थिरके। करीब 200 लोगों के लिए शानदार दावत का इंतजाम भी था। लालाराम का कहना है कि स्वीटी और मोनिका उनके परिवार का हिस्सा हैं, इसीलिये उनका जन्मदिन भी उतने ही खास तरीके से मनाया गया है।
यह भी पढ़ें-
भाई ने सड़क से पत्थर उठा कर 5000 में बेच दिया, Video हो गया viral; आपको भी नहीं होगा यकीन