1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वृंदावन बालिका संरक्षण गृह से रात के डेढ़ बजे कंबल ओढ़कर फरार हुईं 5 लड़कियां, मचा हड़कंप, 2 का पता चला

वृंदावन बालिका संरक्षण गृह से रात के डेढ़ बजे कंबल ओढ़कर फरार हुईं 5 लड़कियां, मचा हड़कंप, 2 का पता चला

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jan 27, 2026 05:10 pm IST,  Updated : Jan 27, 2026 06:32 pm IST

बालिका संरक्षण गृह से एक साथ पांच लड़कियों के फरार हो जाने से स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें पांचों लड़कियां कंबल ओढ़कर जाती हुई दिखी हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

मथुरा जिले के वृन्दावन स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह से सोमवार की रात 5 लड़कियां फरार हो गईं। इससे स्थानीय प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दो लड़कियां अपने घर पहुंचीं, जबकि शेष तीन की तलाश जारी है। लड़कियों के गायब होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। 

सीसीटीवी फुटेज में दिखी लड़कियां

ये सभी लड़कियां 14 से 17 साल आयु वर्ग की हैं, जिन्हें अलग-अलग कारणों से कोर्ट में चल रहे मामलों में बालिका संरक्षण गृह भेजा गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार ने बताया कि बालिका संरक्षण गृह की अधीक्षक गायत्री वर्मा द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, बीती रात एक से 1.30 बजे के बीच ये लड़कियां सिर पर कंबल ओढ़कर फरार हो गईं, ऐसा सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है। 

3 लड़कियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीम

उन्होंने कहा कि घटना का पता सुबह चल सका। समाज कल्याण अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है। दो लड़कियों के बारे में जानकारी मिली है कि वे महावन तथा नौहझील स्थित अपने-अपने घरों पर पहुंच गई हैं, लेकिन बाकी तीन लड़कियों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

आगरा और अलीगढ़ की रहने वाली हैं लड़कियां

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शेष तीन लड़कियां आगरा व अलीगढ़ जिले की रहने वाली हैं। इसके लिए तीन अलग-अलग टीम बनाकर भेजी गई हैं और उन्हें भी जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारी कुमार ने कहा कि इस मामले की जांच के बाद, जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।