1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, सामान खोने का डर नहीं रहेगा, मंदिर-घाट के पास सरकार लगवाएगी 'डिजिटल लगेज लॉकर'

वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, सामान खोने का डर नहीं रहेगा, मंदिर-घाट के पास सरकार लगवाएगी 'डिजिटल लगेज लॉकर'

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 20, 2026 06:31 pm IST,  Updated : Apr 20, 2026 06:32 pm IST

यूपी के वाराणसी में अब यात्रियों का सामान सुरक्षित रखने के लिए सरकार मंदिर-घाट के पास 'डिजिटल लगेज लॉकर' लगवाने वाली है।

Varanasi- India TV Hindi
वाराणसी के एक घाट की तस्वीर Image Source : PTI/FILE

वाराणसी: यूपी के वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शनों के लिए दुनियाभर से श्रद्धालु आते हैं और गंगा में डुबकी भी लगाते हैं। ऐसे में कई बार यात्रियों को इस बात की चिंता सताती है कि वह अपना सामान कहां रखें। घाट पर भी यात्रियों को अपने सामान के खोने का डर सताता रहता है। हालांकि ताजा खबर ये है कि अब श्रद्धालुओं का ये डर खत्म होने वाला है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल यूपी सरकार अब मंदिर और घाट के आसपास डिजिटल लगेज लॉकर लगवाने जा रही है, जिससे यात्रियों को अब अपने सामान के खोने का डर नहीं सताएगा और उनका सामान सुरक्षित रहेगा। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।

इस डिजिटल लॉकर की सुविधा ये रहेगी कि इसमें सिर्फ मोबाइल और कीमती सामान ही नहीं बल्कि अपना सूटकेस तक रखने की जगह होगी। इसका भुगतान डिजिटल पेमेंट के जरिए किया जा सकता है। यानी मतलब साफ है कि अब यात्रियों को अपनी कीमती सामान अपने साथ लेकर घूमने की चिंता नहीं करनी है बल्कि उन्हें सामान रखने के लिए एक भरोसेमंद ठिकाना मिलेगा। 

कहां लगेंगे ये डिजिटल लगेज लॉकर? 

मिली जानकारी के मुताबिक, डिजिटल लगेज लॉकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आस-पास और दशाश्वमेध घाट के पास लगाए जाएंगे। 

नगर आयुक्त का सामने आया बयान

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया, "यात्रियों की सुविधा के लिए दशाश्वमेध घाट के पास दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग पार्किंग में 'डिजिटल लगेज लॉकर' की व्यवस्था किये जाने का प्रस्ताव है। 225 'डिजिटल लॉकर' लगाये जाएंगे, जिनमें छोटे, मध्यम, बड़े और बहुत बड़े चार तरह के 'डिजिटल लॉकर' उपलब्ध होंगे।"

गौरतलब है कि वाराणसी करोड़ों शिव भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है। देश-विदेश से यहां बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु जुटते हैं। ऐसे में 'डिजिटल लगेज लॉकर' की सुविधा होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।