यूपी के गोरखपुर में ज्वेलरी शॉप से 2 सोने की अंगूठियां चोरी होने का मामला सामने आया है। पल्सर सवार युवक के साथ ज्वेलरी शॉप पर पहुंची एक महिला ने दुकानदार से पहले लॉकेट और अंगूठियां दिखाने को कहा। दुकानदार जब उसे जेवर दिखाने में व्यस्त था, तभी महिला ने मौका पाकर दो सोने की अंगूठियां अपने हाथ में पहन लीं और युवक के साथ दुकान से बाहर निकलकर फरार हो गई। यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
10 अंगूठियां दिखाने के बाद हुआ कांड
मामला रामगढ़ताल क्षेत्र के कटरा खिरवानिया चौराहे पर स्थित रामवचन ज्वेलर्स का है। दुकान संचालक रामगढ़ताल क्षेत्र के बड़गो निवासी रामवचन के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:26 बजे एक महिला पल्सर सवार युवक के साथ उनकी दुकान पर पहुंची थी। महिला ने सोने का लॉकेट और अंगूठी खरीदने की बात कही। दुकानदार ने ग्राहक समझकर भरोसे में उसे करीब 10 अंगूठियां निकालकर दिखाईं। महिला अंगूठियां देखने लगी और इसी दौरान उसने एक लॉकेट पसंद आने की बात कहते हुए दुकानदार से उसके लिए मोटी माला दिखाने को कहा। बातचीत के दौरान युवक ने दो अंगूठियां महिला के हाथ में पकड़ा दीं।

गिनती में कम निकलीं अंगूठियां
आरोप है कि महिला ने इसी दौरान दोनों अंगूठियां अपने हाथ में पहन लीं। दुकानदार का ध्यान दूसरी ज्वेलरी दिखाने में लगा रहा और महिला युवक के साथ बात करते हुए दुकान से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने अंगूठियों की गिनती की तो दो अंगूठियां गायब मिलीं। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिला द्वारा अंगूठियां अपने हाथ में पहनते हुए पूरी घटना साफ दिखाई दी।
पीड़ित दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत आजाद नगर चौकी पर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी गई दोनों सोने की अंगूठियां बरामद करने की मांग की गई है।
CCTV से ट्रेस किए गए आरोपी
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और उसके साथ आए युवक की पहचान और तलाश में जुटी है। फुटेज में महिला और युवक दुकान से निकलकर बाइक से जाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में एक महिला और पुरुष के ग्राहक बनकर ज्वेलरी की दुकान में आने की सूचना मिली थी। दोनों ने अंगूठी देखने के बहाने दुकान में प्रवेश किया और मौका पाकर अंगूठी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही रामगढ़ताल पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों को ट्रेस कर लिया गया है। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले ग्रेटर नोएडा में भी एक बेहद चौंकाने वाली लूट की घटना सामने आई थी। 'पत्नी को फोटो भेजनी है' कहकर युवक ने 5 अंगूठियां पहनीं, फिर ज्वेलर की आंखों में स्प्रे मारकर भाग गया।
(रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
ज्वेलरी शोरूम से 2.5 करोड़ का सोना पार कर गई महिला कर्मचारी, प्रॉपर्टी खरीदी, कार का लोन भी चुकाया