1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ के होटल में प्रेमिका संग रंगरलियां मनाते पकड़ा गया पति, पत्नी और परिजनों ने बीच सड़क पर जमकर धुना

हापुड़ के होटल में प्रेमिका संग रंगरलियां मनाते पकड़ा गया पति, पत्नी और परिजनों ने बीच सड़क पर जमकर धुना

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 12, 2026 10:54 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 10:54 pm IST

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक होटल में कथित प्रेमिका के साथ मौजूद पति को उसकी पत्नी और परिजनों ने पकड़ लिया, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ।

Hapur- India TV Hindi
हापुड़ में प्रेमिका संग रंगरलियां मनाते पकड़ा गया पति Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में रिश्तों का विवाद उस समय सड़क पर उतर आया, जब एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर उसकी प्रेमिका के साथ होटल में पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क तक पहुंच गया। गुस्साए परिजनों ने युवक के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बांके बिहारी होटल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महिला को पहले से अपने पति पर किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने का शक था। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसका पति एक महिला के साथ होटल में मौजूद है। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में पति और कथित प्रेमिका को साथ देखकर महिला और उसके परिजनों का गुस्सा भड़क गया। पहले होटल के भीतर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

सड़क पर काफी देर तक चला हंगामा

हंगामे के दौरान युवक किसी तरह होटल से निकलकर पास खड़ी एक निजी बस में जा छिपा। लेकिन परिजनों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि वे बस के अंदर पहुंचे और युवक को बाहर खींचकर उसकी पिटाई कर दी। व्यस्त सड़क पर काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस कर रही जांच

मारपीट के बाद महिला और उसके परिजन कथित प्रेमिका तथा युवक को अपने साथ थाने ले गए, जहां पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि युवक के साथ मौजूद महिला एक सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से मिली शिकायतों और तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें:

कानपुर के होटल में रुके शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका ने खाया जहर, दोनों की मौत

सीतापुर में प्रेमी के लिए प्रेमिका का हाई वोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहित महिला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।