उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में इन दिनों LPG सिलेंडर के लिए मचे त्राहिमाम और गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी-लंबी कतारों का फायदा अब शातिर चोर उठाने लगे हैं। ताजा मामला गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के बृजघाट, पलवाड़ा रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय आलमगीरपुर का है, जहां बेखौफ चोरों ने स्कूल के रसोईघर को अपना निशाना बनाया।
स्कूल की कुंडी और ताला तोड़ा
वर्तमान में सिलेंडर की भारी किल्लत और बाजार में इसकी बढ़ती मांग के बीच, चोरों ने स्कूल की कुंडी और ताला तोड़कर वहां से गैस सिलेंडर और नया चूल्हा चोरी कर लिया। यह घटना दर्शाती है कि गैस की कमी ने अब चोरों को स्कूलों की सुरक्षित रसोई तक पहुंचा दिया है, जहां वे बिना लाइन में लगे 'होम डिलीवरी' का रास्ता अपना रहे हैं।
कैसे बनेगा मिड-डे मील?
इस चोरी की वारदात ने विद्यालय में पढ़ने वाले 62 बच्चों के लिए तैयार होने वाले मिड-डे मील के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। विद्यालय इंचार्ज निधि श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह जब शिक्षक अरविंद कुमार और बच्चे स्कूल पहुंचे, तो रसोई का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर से कीमती सामान गायब था। कल ही बच्चों ने भोजन किया था और सिलेंडर में पर्याप्त गैस मौजूद थी। गैस की वर्तमान परिस्थितियों और वितरण की लंबी प्रक्रिया को देखते हुए नया सिलेंडर प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इंचार्ज का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा तुरंत व्यवस्था नहीं की गई, तो उन्हें मजबूरन लकड़ियों का चूल्हा जलाकर धुएं के बीच बच्चों के लिए खाना तैयार करना पड़ेगा।
घटना पीछे संगठित गिरोह या कोई और?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह किसी ऐसे संगठित गिरोह का काम है जो बाजार में सिलेंडर की भारी मांग और किल्लत को देखते हुए इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। फिलहाल, विद्यालय की दीवार पर लिखे मिड-डे मील मेन्यू के बगल में टूटी हुई कुंडी शासन और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा, ताकि बच्चों के निवाले पर मंडराया यह संकट दूर हो सके और स्कूल की रसोई फिर से सुचारू रूप से चल सके।
(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)
यह भी पढ़ें-
VIDEO: LPG संकट के बीच गैस सिलेंडर चुरा रहे चोर, रिटायर्ड जज के घर को भी नहीं बख्शा
लखनऊ में गैस की कालाबाजारी को लेकर सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज, रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर बरामद