1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फतेहपुर में मुख्यमंत्री की VIP ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक

फतेहपुर में मुख्यमंत्री की VIP ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 25, 2026 10:12 pm IST,  Updated : Jul 25, 2026 10:12 pm IST

प्रयागराज के फूलपुर निवासी हेड कांस्टेबल रामप्रवेश वर्मा (47) की फतेहपुर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की VIP ड्यूटी पर जा रहे थे।

UP Head Constable Died- India TV Hindi
यूपी में हेड कांस्टेबल की मौत Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में वीआईपी ड्यूटी (VIP Duty) पर तैनात हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव की शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में जान चली गई। धाता थाने में तैनात रामप्रवेश यादव मदारीपुर कला गांव में आयोजित मुख्यमंत्री की रैली के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभालने जा रहे थे। रास्ते में हसवा के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की सुबह लगभग सात बजे हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव अपनी बाइक से ड्यूटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हसवा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पार्थिव शरीर को अपने कब्जे में लिया और औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक जवान का मूल निवास प्रयागराज बताया जा रहा है।

पुलिस लाइन में गॉर्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई श्रद्धांजलि

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिवंगत मुख्य आरक्षी रामप्रवेश का पार्थिव शरीर फतेहपुर पुलिस लाइन लाया गया। यहां पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर अपने साथी जवान को अंतिम सलामी दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

पुलिस अधीक्षक ने जताया गहरा दुख

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्वर्गीय रामप्रवेश के योगदान को याद करते हुए उन्हें एक अत्यंत कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और समर्पित पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। पूरे फतेहपुर पुलिस परिवार ने रामप्रवेश यादव की सेवाओं और समर्पण को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस दुखद घटना के बाद से ही जिले के पुलिस विभाग में शोक का माहौल बना हुआ है।

फतेहपुर से उमेश चन्द्रा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

बिना तलाक दूसरी शादी रचा रहा था पति; पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाया निकाह

सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 लोगों की मौत, दो मजदूर लापता; शरीर के अंग कटकर दूर जा गिरे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।