1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जालौन में बड़ा हादसा! पहुज नदी में नहाने गए 3 युवकों की डूबने से मौत, जानें कैसे हुई दुर्घटना

जालौन में बड़ा हादसा! पहुज नदी में नहाने गए 3 युवकों की डूबने से मौत, जानें कैसे हुई दुर्घटना

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 18, 2026 05:13 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 05:15 pm IST

जालौन की पहुज नदी में नहाने गए 3 युवकों की डूबने से मौत हो गई है। गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए हैं। जानें यह हादसा कैसे हुआ।

Pahuj River drowning- India TV Hindi
जालौन की पहुज नदी में डूबने से 3 युवकों की मौत। Image Source : REPORTERS INPUT

Pahuj River Drowning: यूपी के जालौन में तीन युवकों के नदी में डूबने से बड़ा हादसा हो गया है। यह दुर्घटना माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित गोपालपुरा गांव के पास पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों के साथ हुई। बताया जा रहा है कि 1 दर्जन से ज्यादा युवकों के साथ नदी में नहाने पहुंचे तीनों युवक गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद वे नदी में लापता हो गए थे।

गोताखोरों ने बरामद किए गए तीन शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की तरफ से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान तीनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई थी और रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

भिंड के रहने वाले थे तीनों युवक

मौके पर एसडीएम विनय कुमार मौर्य, सीओ अंबुज सिंह यादव और माधौगढ़ कोतवाली पुलिस मौजूद रही और बचाव अभियान की निगरानी करती रही। मृतकों की पहचान 19 साल के जगमोहन बघेल, 25 वर्ष के सुदीप बघेल और 20 साल के अवनीश यादव के रूप में हुई है। तीनों युवक मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नहाते समय गहरे पानी में चले गए थे तीनों लड़के

सीओ अंबुज यादव ने बताया कि आज 18 जून, 2026 को भिंड के कुछ युवक यहां 16-17 की करीब संख्या में, पहुज नदी जो कि ग्राम गोपालपुरा में यहां बहती है, यहां पर नहाने के लिए आए थे। इसी में से 3 युवक नहाते हुए गहरे पानी में चले गए। अन्य युवकों की तरफ से उनको बचाने का प्रयास किया गया लेकिन वो उन्हें बचा ना सके।

पोस्टमार्टम के लिए उरई भिजवाए गए तीनों शव

अंबुज यादव ने आगे कहा कि इसके बाद अन्य युवकों की तरफ से थाना माधौगढ़ में सूचना दी गई। फिर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम ने उनको ढूंढने का प्रयास किया। इसी बचाव अभियान के दौरान तीनों युवकों के शव बरामद हुए हैं। गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। तीनों शवों को बरामद कर, पंचायतनामा आदि की कार्रवाई करके, पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भिजवाया जा रहा है।

(इनपुट- वरुण द्विवेदी)

ये भी पढ़ें- यूपी में गड्डे में गिरने से दो मासूमों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस कर रही जांच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।