उत्तर प्रदेश के जौनपुर के सरपतहां थाना क्षेत्र के रामरायपुर स्थित एक बगीचे में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक स्थानीय नेता के छोटे भाई का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मामला मंगलवार शाम का है, जब अनुराग शर्मा (35), जो उपाध्यायपुर के निवासी थे, अपने मित्र प्रमेश के साथ कहीं बाहर गए थे। शाम के करीब 4:00 बजे, प्रमेश ने अनुराग को बगीचे के पास छोड़कर वापस लौटने की बात बताई। हालांकि, देर रात तक जब अनुराग घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अनुराग के बड़े भाई अनुपम पंडित, जो बीजेपी के स्थानीय नेता हैं, ने प्रमेश से संपर्क किया और उसे फोन पर इस बारे में पूछा। प्रमेश ने बताया कि उसने अनुराग को बगीचे में छोड़कर घर लौट आया था।
बगीचे में शव पड़ा मिला
रात भर की तलाश के बाद भी अनुराग का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने बगीचे में अनुराग का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सरपतहां थाना प्रभारी अमित सिंह सहित पुलिस का एक बड़ा दल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो भाइयों में सबसे छोटा था
पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। अनुराग शर्मा अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अनुपम पंडित भाजपा के स्थानीय नेता हैं। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
शख्स के ऊपर से गुजर गई पूरी ट्रेन, पर बच गई जान; खौफनाक है VIDEO
अंतिम चरण में राम मंदिर का निर्माण कार्य, राम दरबार समेत 18 मूर्तियां होंगी स्थापित