1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. SC/ST केस में पूछताछ के लिए थाने लाए गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस ने किया ये दावा

SC/ST केस में पूछताछ के लिए थाने लाए गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस ने किया ये दावा

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 17, 2023 11:45 am IST,  Updated : Aug 17, 2023 11:45 am IST

मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी प्रभारी अशोक और वहां कुछ लोगों के साथ मौजूद एक महिला ने दिनेश सिंह भदौरिया को प्रताड़ित किया और धमकाया।

police thana- India TV Hindi
पुलिस थाना (प्रतिकात्मक तस्वीर) Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में SC/ST (अत्याचार निवारण) कानून से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए हनुमंत विहार पुलिस चौकी लाए गए 42 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक किसान के परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा चौकी में पूछताछ के दौरान प्रताड़ित किए जाने की वजह से किसान की मौत हुई है। वहीं, पुलिस ने इससे इनकार करते हुए कहा है कि ऐसा प्रतीत होता है कि हृदय गति रुकने से किसान की मौत हुई है।

पुलिस बोली- पूरी घटना CCTV में कैद

पुलिस उपायुक्त रवींद्र कुमार ने बताया कि बिधनू निवासी दिनेश सिंह भदौरिया को बुधवार को एससी/एसटी कानून से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए हनुमंत विहार पुलिस चौकी पर बुलाया गया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। उन्होंने बताया कि भदौरिया घर जा रहा था तभी उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहायक पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकिता शर्मा ने कहा, ‘‘सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की गई है और इसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला या पीड़ित के साथ किसी तरह के दुर्व्यवहार की बात सामने नहीं आई है।"

परिवार का आरोप- मनगढ़ंत कहानी बना रही पुलिस
उन्होंने कहा कि परिस्थितियों से पता चलता है कि भदौरिया को दिल का दौरा पड़ा जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। हालांकि, पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस के इस दावे को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि भदौरिया को दिल की कोई बीमारी नहीं थी और पुलिस दोषियों को बचाने के लिए मनगढ़ंत कहानी बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी प्रभारी अशोक और वहां कुछ लोगों के साथ मौजूद एक महिला ने भदौरिया को प्रताड़ित किया और धमकाया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आनंद प्रकाश तिवारी ने पोस्टमार्टम कराने और पीड़ित परिवार द्वारा लिखित शिकायत देने पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपों की जांच की जाएगी और उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।" एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले पर कड़ी नजर रखने के लिए क्षेत्र में डेरा डालने के लिए कहा गया है।

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।