1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर शिकंजा, रात में डीजे बजाने पर 12 मुकदमे दर्ज

कानपुर में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर शिकंजा, रात में डीजे बजाने पर 12 मुकदमे दर्ज

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Feb 21, 2026 05:26 pm IST,  Updated : Feb 21, 2026 05:26 pm IST

यूपी पुलिस ने साफ किया है कि बोर्ड परीक्षाओं के खत्म होने तक यह अभियान जारी रहेगा और ध्वनि प्रदूषण की शिकायत मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Kanpur dj action- India TV Hindi
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण करने वालों पर एक्शन। Image Source : REPORTERS INPUT

कानपुर: यूपी में चल रहीं बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर कानपुर पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़े पैमाने पर रात्रि चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वाले 9 गेस्ट हाउस और मैरिज लॉन के संचालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। जिले के 8 थाना क्षेत्रों में कुल 12 मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

तेज म्यूजिक बजाने पर पुलिस ने लिया एक्शन

ये एक्शन ज्वाइंट कमिश्नर विपिन ताड़ा के निर्देशन में हुआ। दरअसल, वर्तमान में यूपी बोर्ड समेत अन्य बोर्ड्स की वार्षिक परीक्षाएं जारी हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों की तैयारी में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही धारा 163 बीएनएसएस लागू कर रात 10 बजे के बाद डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद कई जगहों पर नियमों की अनदेखी करके देर रात तक तेज म्यूजिक बजाया जा रहा था, जिससे छात्रों को परेशानी हो रही थी।

नियमों की अनदेखी के बाद हुई कार्रवाई

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताड़ा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान छात्रों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। पहले गेस्ट हाउस संचालकों को समझाने के प्रयास किए गए, लेकिन लगातार नियमों की अनदेखी के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।

रात 1 बजे तेज आवाज में बजता मिला डीजे

सबसे गंभीर मामला थाना बिठूर क्षेत्र के मैनावती मार्ग स्थित परेरा ग्रीन लॉन में सामने आया, जहां रात करीब 1 बजे तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने ध्वनि स्तर अत्यधिक पाया, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हो रही थी। बिठूर थाना क्षेत्र में ही मैनावती मार्ग पर इबिजा गार्डेन और ध्रुव पार्टी लॉन के मालिक व डीजे संचालक के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए।

मैरिज लॉन के मालिकों और संचालकों पर मुकदमा दर्ज

इसी तरह, अन्य जोनों में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चकेरी में ड्रीम पार्टी लॉन, केआर शादीटोरियम, परिणय गेस्ट हाउस, रामवाटिका मैरिज लॉन और नारायण लॉन के खिलाफ तय समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने पर मामला दर्ज किया। इसके अलावा, थाना रावतपुर में अभिनंदन गेस्ट हाउस, थाना गुजैनी में पीएस पैलेस, थाना सचेंडी में निधिवन मैरिज लॉन के बार इंडिया डीजे बैंड के मालिक और थाना काकादेव में जवाहर पैलेस के संचालक के खिलाफ भी मुकदमे लिखे गए हैं।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- शादी में नाचने आई डांसर के साथ फरार हुआ लड़की का भाई, होटल का फुटेज आया सामने; पत्नी ने की कार्रवाई की मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।