1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मामूली विवाद ने उजाड़ा परिवार... फोन पर पति से बात करते-करते पत्नी ने लगा ली फांसी

मामूली विवाद ने उजाड़ा परिवार... फोन पर पति से बात करते-करते पत्नी ने लगा ली फांसी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 26, 2026 02:24 pm IST,  Updated : Mar 26, 2026 02:27 pm IST

कानपुर में एक महिला ने अपने पति से फोन पर बात करने के दौरान फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका का अपने पति के साथ फोन पर किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था।

मामूली विवाद में महिला ने लगाई फांसी- India TV Hindi
मामूली विवाद में महिला ने लगाई फांसी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। थाना कल्याणपुर क्षेत्र के गायत्री पुरम में एक महिला ने अपने पति से मोबाइल पर बात करते-करते मौत को गले लगा लिया। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

घटना कल्याणपुर के पुरानी शिवली रोड स्थित गायत्री पुरम की है। जानकारी के मुताबिक, मृतका का अपने पति के साथ फोन पर किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। बहस इतनी बढ़ गई कि गु्स्से में आकर महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया। बताया जा रहा है कि जब महिला फंदे पर झूल रही थी, तब वह फोन पर अपने पति से बात ही कर रही थी।

पति को अनहोनी का अहसास हुआ तो...

जैसे ही पति को अनहोनी का अहसास हुआ, उसने तुरंत पड़ोसियों को फोन कर घर पहुंचने को कहा। ​पड़ोसी जब तक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया, तब तक महिला की जान जा चुकी थी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। ​फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। 

साक्ष्य संकलन के लिए कमरे की तलाशी ली गई और महिला के मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है, ताकि कॉल रिकॉर्डिंग और चैट के जरिए विवाद की असल वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​पुलिस अधिकारी का बयान 

थाना कल्याणपुर के प्रभारी ट्रेनी आईपीएस सुमेध एस जाधव ने बताया, "प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश और आपसी विवाद का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें-

भारत के इस पड़ोसी देश में कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग; इतनी रही तीव्रता

सोनिया गांधी की सेहत को लेकर बड़ा अपडेट, संक्रमण के बाद सर गंगाराम में चल रहा इलाज; जानें डॉक्टरों ने क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।