बारिश से बचने को पेड़ के नीचे खड़े पांच लोग आकाशीय बिजली गिरने से बुरी तरह झुलस गए। पता चला है कि इसमें से दो की मौत हो गई है और तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला मुरादाबाद के थाना मझोला के गांव गंगन वाली मैनाठेर का है पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया किया गया है। एक ही गांव के लोग होने के कारण पूरे इलाके में हड़कंप जैसा माहौल बना हुआ है।
बुधवार सुबह हुई बारिश के दौरान हुई घटना
इस साल मानसून की बारिश शुरू होते ही गांवों में किसानों ने खेतों में धान की रोपाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह से हो रही बारिश को देखते हुए मुरादाबाद के थाना मझोला के गांव गागन वाली मैनाठेर के किसानों ने भी धान की रोपाई शुरू कर दी। गांव में गौशाला के पास खेतों में रोपाई का काम कर रहे मजदूर बारिश तेज हुई तो बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिससे पेड़ के नीचे खड़े सभी पांच लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए।
पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया
जोरदार आवाज के साथ गिरी बिजली को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग उस तरफ दौड़ पड़े। वहां पहुंचकर देखा कि पेड़ के नीचे सभी पांच लोग झुलसे पड़े हैं। लोगों ने परिजनों को जानकारी देने के साथ पुलिस को भी सूचना दी। सूचना पर पुलिस और परिजन घटनास्थल पहुंचे और बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल तीन का इलाज शुरू कर दिया। घायलों की हालत नाजुक होता देख घायलों को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। जबकि पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
पूरे गांव में पसरा हुआ है मातम
मृतकों में 30 साल के संतरात और 21 साल की विनीता है, जबकि गंभीर घायल होने वाले में कामिनी, सपना और दिव्यांशी हैं। सभी पांच लोग गांव के ही रहने वाले हैं। लिहाजा पूरे गांव में मातम और अफरा तफरी का माहौल है।
मुरादाबाद से राजीव शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बागपत में CNG पंप पर दो पक्षों में जमकर मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
सोनभद्र में मानसून की पहली बारिश बनी आफत; पहाड़ी नाले में बहे तीन लोग, एक का शव बरामद