1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को लक्ष्मण टीले में जलाभिषेक से रोका, महासभा सदस्य बोले- 'जल जरूर चढ़ाएंगे'

लखनऊ पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को लक्ष्मण टीले में जलाभिषेक से रोका, महासभा सदस्य बोले- 'जल जरूर चढ़ाएंगे'

 Reported By: Ruchi Kumar Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 24, 2026 02:20 pm IST,  Updated : Aug 24, 2026 02:20 pm IST

हिंदू पक्ष का कहना है कि तिलेश्वर महादेव मंदिर को तोड़कर टीले वाली मस्जिद बनाई गई। ऐसे में उन्हें वहां जल चढ़ाने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं, मुस्लिम पक्ष का कहना है कि मस्जिदि में पूजा की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

teele wali masjid- India TV Hindi
लखनऊ की टीले वाली मस्जिद Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को लक्ष्मण टीला में जलाभिषेक नहीं करने दिया। महासभा जलाभिषेक के लिए बिठूर से गंगाजल लेकर आई थी, लेकिन पुलिस ने महासभा के लोगों को सड़क पर नहीं निकलने दिया। महासभा के दफ्तर और टीले वाली मस्जिद में पुलिस लगा दी गई। महासभा के लोगों का कहना है कि आज तो पुलिस ने जलाभिषेक नहीं करने दिया, लेकिन वो जलाभिषेक करेंगे जरूर। लक्ष्मण टीले में अभी टीले वाली मस्जिद है। हिंदू पक्ष का मानना है कि यहां लक्ष्मण टीला है और तिलेश्वर महादेव मंदिर है, जिसे तोड़कर मस्जिद बनाई गई है। फिलहाल ये मामला कोर्ट में है।

सावन के आखिरी सोमवार के मौके पर अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के लोग बिठूर से गंगाजल लेकर लखनऊ पहुंचे हैं। ये लोग लक्ष्मण के टीले पर जल चढ़ाना चाहते थे। यहां टीले वाली मस्जिद है। ऐसे में यह जगह विवादित है। हिंदू और मुस्लिम पक्ष यहां अपना दावा पेश करते हैं। ऐसे में जल चढ़ाने के दौरान कानून व्यवस्था खराब हो सकती थी। इसी वजह से पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को रोका है।

हिंदू पक्ष मांग रहा पूजा अधिकार

हिंदू पक्ष कई साल से लक्ष्मण के टीले पर पूजा-अर्चना करने का अधिकार मांग रहा है। हिंदू पक्ष के अनुसार लखनऊ के पुराने क्षेत्र में स्थित टीले वाली मस्जिद कथित तौर पर लक्ष्मण टीला है। दावा है कि लक्ष्मण टीला पर शेष नागेश तिवेश्वर और शेष नागेश पटल कूप का मंदिर स्थित है। हिंदू पक्ष का आरोप है कि मुस्लिम शासक औरंगजेब के काल में लक्ष्मण टीला को ध्वस्त कर उस स्थान पर एक मस्जिद का निर्माण किया गया, जिसे अब टीले वाली मस्जिद के तौर पर जाना जाता है। फरवरी 2024 में हिंदू पक्ष ने लखनऊ की एक जिला अदालत में कहा था कि जून, 2023 में जब वे लक्ष्मण टीले पर पूजा करने गए तो मुस्लिम पक्ष ने उन्हें धमकाया था। इसके बाद उन्होंने अदालत में याचिका दायर कर बिना रोक-टोक के पूजा की अनुमति मांगी थी। अभी भी इस मामले में सुनवाई चल रही है।

वाराणसी और मथुरा में भी विवाद

उत्तर प्रदेश में राम मंदिर का विवाद सुलझ चुका है, लेकिन अभी भी वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद और मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि को लेकर अलग-अलग अदालतों में सुनवाई चल रही है। मथुरा के मामले में शाही ईदगाह को लेकर विवाद है।

यह भी पढ़ें-

महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने तुरंत पूरी की इच्छा, दिव्यांग की जमीन से अवैध कब्जा भी हटवाया

'भारत की परंपरा, विरासत और मूल्यों को कोसना उचित नहीं', रायबरेली में राहुल गांधी पर बरसे सीएम योगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।