1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. माघ मेला का भव्य शुभारंभ: प्रथम स्नान पर्व पर 31 लाख से ज्यादा लोगों ने किया पुण्य स्नान, कड़ाके की ठंड के बावजूद उमड़ी भीड़

माघ मेला का भव्य शुभारंभ: प्रथम स्नान पर्व पर 31 लाख से ज्यादा लोगों ने किया पुण्य स्नान, कड़ाके की ठंड के बावजूद उमड़ी भीड़

 Reported By: Vishal Singh, Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 03, 2026 11:12 pm IST,  Updated : Jan 03, 2026 11:12 pm IST

कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु माघ मेला के पहले दिन संगम में डुबकी लगाने पहुंचे। शाम सात बजे तक 31 लाख से ज्यादा लोगों ने डुबकी लगाई। दिन खत्म होने तक यह संख्या 35 लाख के पार पहुंचने का अनुमान है।

Magh Mela Holy Dip- India TV Hindi
माघ मेला में स्नान करते श्रद्धालु Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार (3 जनवरी) को माघ मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन शाम सात बजे तक 31 लाख से ज्यादा लोगों ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। पहले दिन कुल 35 लाख से ज्यादा लोगों के डुबकी लगाने का अनुमान है। ठंड हवाओं और गलन के बाद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं नजर आई। पौष पूर्णिमा के अवसर पर गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम व विभिन्न घाटों पर दिन भर स्नान का क्रम चला। हरियाणा की रेवाड़ी से आई निशा ने कहा कि सरकार ने मेला क्षेत्र में आने-जाने से लेकर घाटों में स्नान की उत्तम व्यवस्था की है।

मध्य प्रदेश के सीहोर से त्रिवेणी स्नान के लिए आई कल्पना तोमर का कहना था कि महाकुंभ में त्रिवेणी स्नान की जो कामना अधूरी रह गई थी, इस बार पूर्ण हो गई। मेला क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्था सराहनीय है। सनातन आस्था से जुड़े विभिन्न संत सम्प्रदाय के संत महात्माओं ने भी त्रिवेणी के पावन जल में माघ मेला की पहली डुबकी लगाई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पूरे इंतजाम

प्रयागराज कमिश्नर सौम्या का कहना है कि शाम सात बजे तक 31 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में पुण्य स्नान कर लिया था। यह सिलसिला जारी है। स्नान के मुहूर्त के समापन तक यह आंकड़ा 35 लाख तक पार कर जाने का अनुमान है। माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक और मजबूत सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय ने बताया कि शहर और मेला क्षेत्र में 1500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे केंद्रीय कमांड सेंटर से निगरानी की जा रही है। वहीं आधुनिक उपकरणों से लैस सुरक्षाकर्मी प्रभावी भीड़ प्रबंधन में जुटे हैं। घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉच टावर और जल पुलिस की सक्रिय पेट्रोलिंग से श्रद्धालुओं को सुचारु और सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

4 लाख से ज्यादा कल्पवासियों ने लिया संकल्प

हर साल माघ के महीने मोक्ष दायिनी मां गंगा के तट पर शुरू होने वाली धार्मिक परम्परा कल्पवास का भी इसी प्रथम स्नान पर्व के साथ आरंभ हो गया। मेला क्षेत्र में पहली बार कल्पवासियों के लिए बनाया गया प्रयागवाल नगर भी इसी के साथ जीवंत हो उठा। पौष पूर्णिमा से माघी पूर्णिमा तक चलने वाले कल्पवास का पहला स्नान आज था। मेला क्षेत्र में कल्पवास करने आए 4 लाख से ज्यादा कल्पवासियों ने गंगा स्नान कर आज से कल्पवास का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें-

जेल में नहाने के दौरान भिड़े दो कैदी, गैंगस्टर का चबा डाला गाल, मांस लटकने से लगाने पड़े कई टांके

सीएम योगी की बड़ी परीक्षा! माघ मेले में महाकुंभ जैसी तस्वीर, श्रद्धालुओं का उमड़ने लगा रेला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।