1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महोबा: नदी में डूबने से 2 सगे भाइयों की मौत, एक शिक्षक तो दूसरा UP पुलिस भर्ती का उम्मीदवार; आज देनी थी परीक्षा

महोबा: नदी में डूबने से 2 सगे भाइयों की मौत, एक शिक्षक तो दूसरा UP पुलिस भर्ती का उम्मीदवार; आज देनी थी परीक्षा

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 08, 2026 02:39 pm IST,  Updated : Jun 08, 2026 02:39 pm IST

महोबा में नदी में डूब रहे बेटे को तो शिक्षक पिता ने कूद कर बचा लिया, लेकिन खुद नदी की गोद में समा गया। वहीं, बड़े भाई को बचाने कूदा छोटा भाई भी पानी के तेज बहाव और गहराई में फंस गया। हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई।

महोबा में दो भाईयों की...- India TV Hindi
महोबा में दो भाईयों की नदी में डूबने से मौत। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के महोबा से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पिकनिक मनाने गए एक परिवार पर खुशियों के बीच मातम टूट पड़ा। धसान नदी में डूबने से एक शिक्षक और उसके छोटे भाई की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छोटा भाई अपने बड़े भाई और भतीजे को बचाने के लिए नदी में कूदा था, लेकिन दोनों भाई काल के गाल में समा गए।

पुलिस भर्ती परीक्षा देने बड़े भाई के पास आया था मृतक

मामला महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित झारखंड धाम का है। यहां धसान नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की जान चली गई। मृतकों की पहचान महोबा में तैनात शिक्षक जितेंद्र (32) और उसके छोटे भाई राजा के रूप में हुई है। 31 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजा अपने गृह जनपद फतेहपुर से पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने महोबा आया था। 

मृतकों के परिजन।
Image Source : REPORTER INPUTमृतकों के परिजन।

भतीजे को बचाने नदी में कूदा

परीक्षा देने से पहले रविवार शाम दोनों भाई परिवार के साथ झारखंड धाम घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय जितेंद्र और उसका बेटा गहरे पानी में जाने लगे। दोनों को डूबता देख छोटा भाई राजा उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बचाव के प्रयास में राजा भी पानी के तेज बहाव और गहराई में फंस गया। स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई, जबकि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आज देना था पेपर, अधूरा रह गया सपना

मृतक राजा 8 जून यानी आज होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाला था। लेकिन खाकी वर्दी पहनकर देश सेवा करने का उसका सपना इस हादसे के साथ अधूरा रह गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक साथ दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। खुशियों और पारिवारिक पिकनिक का यह दिन कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के झारखंड धाम स्थित धसान नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

(रिपोर्ट- शांतनु सोनी)

यह भी पढ़ें-

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए मारामारी! हर 1 पद पर 89 दावेदार, ट्रेन से लेकर बसों तक में भीड़ ही भीड़

यूपी में बहनों का 'स्मैक नेटवर्क' बेनकाब, पुलिस जांच में खुल सकते हैं बड़े नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।