बिजनौर: जिले के नगीना कस्बे में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यापारी के घर पर पिछले दस सालों से काम कर रही नौकरानी की शर्मनाक करतूत कैमरे में कैद हो गई। महिला ने रसोई में एक गिलास में पेशाब किया और उसे धुले हुए बर्तनों पर छिड़क दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रसोई घर में लगाए कैमरे
जानकारी के अनुसार, व्यापारी सत्यम मित्तल और परिवार की महिला को काफी समय से नौकरानी की गतिविधियों पर शक था। इसी वजह से उन्होंने घर की रसोई में कैमरे लगवाए। बुधवार को उन्होंने फुटेज देखी, तो सारा सच सामने आ गया। वीडियो में नौकरानी को बर्तन धोते समय पेशाब करते और फिर उसे बर्तनों पर छिड़कते हुए देखा गया। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। शाम को जब महिला काम पर आई तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पूछताछ में पुलिस ने जब इस अमानवीय हरकत का कारण पूछा तो आरोपी महिला ने केवल गलती मान ली, लेकिन वजह बताने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी महिला का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया है। नगीना सीओ अंजनी चतुर्वेदी ने कहा कि नौकरानी के द्वारा पेशाब करके बर्तनों पर छिड़कने का वीडियो वायरल हो रहा था। हालांकि परिवार ने लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
वीडियो हुआ वायरल
वहीं परिवार की महिला ने बताया कि ये दो-तीन दिन का मामला है। महिला रोज बाथरूम करती थी और बर्तनों पर छिड़कती थी। बदबू आने के बाद कैमरा लगाकर देखा गया तो इसका खुलासा हुआ है। हालांकि इसकी वजह का पता नहीं चल सका है। ये महिला और भी कई घरों में काम करती थी। वहीं इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इसे बेहद घिनौना कृत्य बता रहे हैं। (इनपुट- रोहित त्रिपाठी)