1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में बड़ा हादसा, घर में बने झूले ने ली आरुषि की जान, कराटे में जीत चुकी थी ब्लैक बेल्ट

कानपुर में बड़ा हादसा, घर में बने झूले ने ली आरुषि की जान, कराटे में जीत चुकी थी ब्लैक बेल्ट

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 18, 2026 09:13 pm IST,  Updated : Oct 18, 2026 09:13 pm IST

कानपुर के नौबस्ता इलाके के राजीव विहार में एक बहुत ही दर्दनाक हादसा हो गया। शनिवार शाम आठवीं कक्षा की एक छात्रा अपने तीन साल के छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। खेलते-खेलते उसने घर में ही धोती से एक झूला बनाया हुआ था, जिसमें अचानक उसकी गर्दन कस गई और उसकी मौत हो गई।

File Photo Of Arushi- India TV Hindi
मृतका की फाइल फोटो Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के नौबस्ता के राजीव विहार में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में आठवीं की छात्रा की मौत हो गई। घर में धोती से बनाए गए झूले में खेलते समय छात्रा की गर्दन कपड़े में फंसकर कस गई। हादसे के वक्त वह अपने तीन साल के छोटे भाई के साथ खेल रही थी। मां के आवाज देने पर जब बेटी की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, तो वह कमरे में पहुंचीं। वहां बेटी को धोती में फंसा और बेहोश देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद मासूम मृतका की पहचान 14 साल के आरुषि त्रिपाठी के रूप में हुई है। वह यूपी किराना स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। घटना की सूचना मिलने पर नौबस्ता पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मां को चाय बनाकर दी, फिर खेलने लगी आरुषि

परिजनों के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले तक घर में सब कुछ सामान्य था। आरुषि ने अपनी मां निहारिका को चाय बनाकर दी थी। इसके बाद मां अपने काम में लग गईं और आरुषि अपने तीन साल के छोटे भाई के साथ खेलने लगी। इसी दौरान घर में धोती से बनाए गए झूले में झूलते समय उसकी गर्दन कपड़े में फंस गई। गर्दन कसने से उसकी हालत बिगड़ गई। मां ने आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर कमरे में पहुंचीं तो बेटी को बेहोशी की हालत में पाया।

इकलौती बेटी की मौत से टूट गया परिवार

आरुषि अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसके पिता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी जनरलगंज स्थित कपड़े की दुकान में काम करते हैं। परिवार की सीमित आमदनी के बावजूद पिता बेटी को अच्छी शिक्षा दिलाने और उसके सपने पूरे करने के लिए मेहनत कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि उनकी लाडली बेटी पढ़-लिखकर आगे बढ़ेगी और परिवार का नाम रोशन करेगी। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटी की मौत के बाद घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल कर बढ़ाया था मान

आरुषि पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी रुचि रखती थी। उसने कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल की थी और आरुषि ने प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उसकी उपलब्धियों से परिवार बेहद खुश था। पिता अपनी बेटी को आगे बढ़ते देखना चाहते थे, लेकिन एक दर्दनाक हादसे में उनकी उम्मीदें बिखर गईं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि छात्रा घर में खेलते समय धोती से बने झूले में झूल रही थी। इसी दौरान कपड़ा उसकी गर्दन में कस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

ललितपुर में पति-पत्नी के शव घर के अंदर फंदे पर लटके मिले, घटना की जांच में जुटी पुलिस

ग्रेटर नोएडा में पांच लोगों की मौत मामले में नया मोड़, मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।